मंदसौर: नपा के नोटिस के बाद कॉलोनाइजर ने नाले पर किया अतिक्रमण तोड़ा

मंदसौर 4 जनवरी (हि.स.)। नृसिंहघाट नाले के किनारे किए गए अतिक्रमण को कॉलोनाइजर ने गुरुवार को खुद ही तोड़ना शुरू कर दिया। नगर पालिका के नोटिस के बाद उसने निर्माण को खुद ही तोड़ा है। हालांकि रहवासी इसे दिखावे की नौटंकी बता रहे हैं।

नगर नगर पालिका सीएमओ सुधीर कुमार ने कहा कि संबंधित को नोटिस दिया था। शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जानी थी, लेकिन आज ही अतिक्रमणकर्ता ने खुद ही अतिक्रमण को हटा लिया।

भागवत नगर के पास नृसिंहघाट अखाड़े के पीछे सर्वे नंबर- 1209, 1210, 1211, 1218, 1219, 1220, का 1221 की कुल 0.394 हेक्टेयर भूमि पर गौतम विहार कॉलोनी विकसित की रह जा रही हैं। यहां करीब 80 फीट चौड़ा नाला है। नाले पर करीब 20 फीट अतिक्रमण कर कॉलोनाइजर द्वारा नाले की जमीन पर नक्शे में बगीचा और सड़क बनाई जा रही है।

एसडीएम शिवलाल शाक्य ने अपनी टीम से नपती करवाकर नपा सीएमओ को कहा था कि मौके पर 3100 स्क्वायर फीट नाले पर अतिक्रमण है। इसे तत्काल तोड़ा जाए। नियमानुसार किसी भी नाले के 9 मीटर आस-पास निर्माण नहीं किया जा सकता है। नगर पालिका रिकार्ड के अनुसार नरसिंह घाट अखाड़े के पास नाला बहता है। भूमाफियाओं ने पूरे नाले पर अतिक्रमण कर इसे नाली में परिवर्तित कर दिया है। मामलें में वार्ड के पार्षद गोर्वधन कुमावत ने शिकायत की थी।

हिन्दुस्थान समाचार/अशोक झलौया

   

सम्बंधित खबर