मप्र: प्रदेश के आधे से ज्यादा जिलों में हुई बारिश, तीन दिन ऐसा ही रहेगा मौसम

भोपाल, 5 जनवरी (हि.स.)। नए साल के पांचवें दिन शुक्रवार को भी मध्यप्रदेश में मावठे की बारिश जारी रही। राजधानी भोपाल में सुबह चार बजे से करीब पौन घंटे तक तेज बारिश हुई। कोहरा भी छाया रहा। विजिबिलिटी 50 से 200 मीटर रही। गुरुवार रात प्रदेश में सबसे ठंडा ग्वालियर रहा। न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री पहुंच गया। पचमढ़ी में यह 11.4 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान जताया है।

पश्चिमी विक्षोभ के कारण नए साल की शुरुआत से ही प्रदेश में बादल छाने और बारिश होने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो शुक्रवार तक भी जारी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को कई जिलों में 'मानसून' जैसी बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम वैज्ञानिकों ने वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से अगले तीन दिन तक ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान जताया है। बीते 24 घंटों में प्रदेश में ग्वालियर के बाद दतिया सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम पारा 10.9 डिग्री दर्ज हुआ। उमरिया में सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान 15.9 दर्ज हुआ। बाकी शहरों में गुरुवार रात का टेम्प्रेचर 10 डिग्री से ऊपर और 15 डिग्री से नीचे रहा।

हिन्दुस्थान समाचार/ केशव दुबे/मुकेश

   

सम्बंधित खबर