भाविप की प्रयाग शाखा ने किया संगीत समारोह का आयोजन

--प्रांतीय महासचिव ने नौ नये सदस्यों को दिलायी शपथ

प्रयागराज, 07 जनवरी (हि.स.)। भारत विकास परिषद, प्रयाग शाखा की ओर से अशोक सिंघल सभागार, केसर भवन में संगीत समारोह का आयोजन किया गया। जिसकी मुख्य अतिथि श्याम ग्रुप की अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक जमुनोत्री गुप्ता थी। माया खरे एवं शालिनी खरे द्वारा आयोजित संगीत समारोह की प्रस्तुति फनकार ग्रुप द्वारा की गई जिसने अपने शानदार संगीत और गीत से श्रोताओं को भाव विभोर कर दिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि जमनोत्री गुप्ता ने कहा कि अयोध्या आंदोलन को याद करके सिहरन उत्पन्न हो जाती है। उस समय उनके यहां कारसेवकों के लिए 15 से अधिक दिनों तक 24 घंटे भोजन बनता रहता था और फिर पैक होकर कारसेवको को भेजा जाता रहा। उन्होंने कहा कि जब इंसान सत्कर्म करता है तो इसका फल उसे अवश्य मिलता है।

इस अवसर पर नौ नए सदस्यों को प्रांतीय महासचिव सुनील धवन ने भारत विकास परिषद प्रयाग शाखा के सदस्यता की शपथ दिलाई। क्षेत्रीय सचिव सेवा डॉ नवीन चंद्र अग्रवाल और राजीव अग्रवाल ने अंगवस्त्रम और स्मृति चिन्ह प्रदान कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। प्रयाग शाखा की अध्यक्षा अल्पना अग्रवाल ने सभी अतिथियों और सदस्यों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन सचिव डॉ विवेक भदौरिया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ उमेश प्रताप सिंह ने किया।

माया जायसवाल ने गणेश वंदना के साथ ही राम जी पर गीत सुनाया ’सजाओ गुल को गुलशन सा अवध में राम आए हैं, मेरे सरकार आए हैं’। अशोक ने ’कई बार यूं भी देखा है ये जो मन की सीमा रेखा है’ जैसे गीतों से दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर दिया। उमा ने ’छूकर मेरे मन को, किया तूने क्या इशारा’ और ’बाबूजी धीरे चलना, प्यार में जरा संभलना’ जैसे गीतों से दर्शक झूम उठे। डॉ पी.के सिन्हा ने ’एक प्यार का नगमा है मौजों की रवानी है, जिंदगी और कुछ भी नहीं तेरी मेरी कहानी है’, होठों से छू लो तुम मेरे गीत अमर कर दो और पैरौडी ने तो जैसे दर्शकों को गायक बना दिया। सभी दर्शक लगातार ताली बजाते रहे, डॉक्टर सिन्हा के साथ गाते रहे। कमलेश ने ’सोने जैसा रंग है तेरा चांदी जैसे बाल एक तू ही धनवान रे गोरी बाकी सब कंगाल’ सुनाया। शालिनी खरे ने ’श्री कृष्ण गोविंद हरे मुरारी हे नाथ नारायण वासुदेवा’ आदि गीतों से वातावरण को भक्तिमय कर दिया।

कार्यक्रम में शिवनंदन गुप्ता, क्षेत्रीय सचिव सेवा डॉ नवीन चंद्र अग्रवाल, प्रांतीय अध्यक्ष निशा जयसवाल, जी.के खरे, डॉ सुनील कांत मिश्रा, राजीव अग्रवाल, अरुण कुमार त्रिपाठी, डॉ पुरुषोत्तम, आलोक शाह, राज नारायण अग्रवाल, ज्योति अग्रवाल, रमा त्रिपाठी, साहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/पदुम नारायण

   

सम्बंधित खबर