राज्यपाल ने कामरूप (मेट्रो) जिले के विकास कार्यों का लिया जायजा

गुवाहाटी, 8 जनवरी (हि.स.)। असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने आज जिलाधिकारी कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में विभागों के प्रमुखों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता की और कामरूप (मेट्रो) जिले की कानून व्यवस्था के साथ-साथ विकास कार्यों का जायजा लिया।

कामरूप (मेट्रो) के जिलाधिकारी सुमित सत्तावन ने राज्यपाल को जिले में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने एक विस्तृत पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया और राज्यपाल को विभागों के कामकाज और विभिन्न केंद्रीय और राज्य कल्याण योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट से अवगत कराया।

राज्यपाल ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की प्रगति का भी जायजा लिया। राज्यपाल ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न विकास गतिविधियों और परियोजनाओं, अनुदान योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, जल संसाधन, सिंचाई, मत्स्य, लोक निर्माण विभाग तथा समाज कल्याण विभाग की गतिविधियों की प्रगति एवं क्रियान्वयन की समीक्षा की।

प्रारंभिक शिक्षा के संबंध में राज्यपाल ने जिला प्रारंभिक अधिकारी को सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के लिए कमर कसने को कहा। उन्होंने जिले में चल रहे आंगनवाड़ी केंद्रों का भी जायजा लिया और डीसी को केंद्रों का विशेष ध्यान रखने को कहा क्योंकि बच्चों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य की कुंजी उनके पास है।

राज्यपाल कटारिया ने कहा, ''''जिले के साथ यह मेरी दूसरी समीक्षा बैठक है। मैंने राज्य के विकास को प्रोत्साहित करने में गहरी दिलचस्पी ली है और इसलिए प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त करने के लिए सभी अधिकारियों से मिलने का इरादा रखता हूं।'''' उन्होंने अधिकारियों से जरूरतमंदों और कम विशेषाधिकार प्राप्त लोगों के लाभ के लिए काम करने को भी कहा। उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में पर्याप्त जागरूकता पैदा करने और उन्हें जनता के लिए उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

कटारिया ने पुलिस आयुक्त दिगंता बोरा से जिले में पुलिस व्यवस्था पर भी विस्तृत चर्चा की। आयुक्त ने राज्यपाल को जिले में मौजूदा कानून व्यवस्था के बारे में भी जानकारी दी।

हिन्दुस्थान समाचार /श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर