उप्र में मकर संक्रांति तक बारिश के साथ शीतलहर के आसार

कानपुर, 08 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में दो दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। धूप निकल रही है लेकिन सर्द हवाओं में यह बेअसर साबित हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी 48 घंटे में एक बार फिर हवाओं की दिशाएं पछुआ हो जाएंगी। इससे पहाड़ों से सर्द भरी हवाएं मैदानी इलाकों पर आना तेज हो जाएंगी। इसके साथ ही हल्की बारिश होने के आसार हैं और शीतलहर चलने लगेगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने सोमवार को बताया कि अरब सागर में कई प्रकार के चक्रवात सक्रिय हैं और बंगाल की खाड़ी से उत्तर प्रदेश में नम हवाएं आ रही हैं। इसके साथ ही पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का भी असर बना हुआ है। इन सबके मिलने से कोहरा और धुंध बरकरार है। आगामी 48 घंटे में हवाओं की दिशाएं एक बार फिर उत्तर पश्चिम हो जाएंगी। ऐसे में मौसम में तेजी से बदलाव होगा और गरज चमक के साथ जहां हल्की बारिश होगी तो वहीं तापमान भी तेजी से गिरेगा। इससे मकर संक्रान्ति तक शीतलहर लोगों को परेशान करेगी।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 19.5 और न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 97 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 67 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व रहीं जिनकी औसत गति 2.1 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के कारण 9 से 11 के मध्य तेज हवाओं, गरज़-चमक एवं ओलावृष्टि के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही प्रातः काल एवं रात के समय शीत लहर के आसार हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/दिलीप

   

सम्बंधित खबर