विधायक जोगेश्वर गर्ग बने सरकारी मुख्य सचेतक

जयपुर, 9 जनवरी (हि.स.)। जालोर से भाजपा विधायक जोगेश्वर गर्ग को सरकारी मुख्य सचेतक नियुक्त किया है। विधानसभा ने जोगेश्वर गर्ग की नियुक्ति की अधिसूचना जारी कर दी है। जोगेश्वर गर्ग विपक्ष में रहते हुए भी भाजपा विधायक दल के सचेतक थे। उनका नाम मंत्री के दावेदारों में था, लेकिन अब उन्हें विधानसभा में भाजपा सरकार का फ्लोर मैनेजमेंट संभालने की जिम्मेदारी दी गई है। संघ की पृष्ठभूमि और तजुर्बेकार नेता के रूप में उम्मीद की जा रही थी कि गर्ग राजस्थान सरकार में एक महत्वपूर्ण पद हासिल करने में कामयाब रहेंगे। वे पांचवीं बार विधायक बने हैं। इससे पहले भैरोंसिंह सरकार में राज्य मंत्री रह चुके हैं।

गर्ग जालोर से पांचवीं बार के विधायक हैं। वे सबसे पहले 1990 में विधायक बने थे। गर्ग 1990 के बाद 1993 में भी विधायक बने। 1998 का चुनाव हार गए, लेकिन 2003 में फिर विधायक बने। इसके बाद 10 साल विधायक नहीं बन सके। 2018 और 2023 में जालोर से लगातार विधायक का चुनाव जीते। उन्हें सदन के फ्लोर मैनेजमेंट का अच्छा अनुभव है। गर्ग 1990 में भैरोंसिंह शेखावत के नेतृत्व वाली सरकार में स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री रह चुके हैंं। उनके पास यूडीएच, स्वायत्त शासन और पीएचईडी, आयुर्वेद विभाग थे। गर्ग भाजपा में कई पदों पर रह चुके हैं। गर्ग भाजपा एससी माेर्चा के प्रदेशाध्यक्ष, राष्ट्रीय मंत्री रह चुके हैं। भाजपा की राष्ट्रीय परिषद और भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य भी रह चुके हैं। जोगेश्वर गर्ग 1968 से आरएसएस में सक्रिय रहे हैं।

जोगेश्वर गर्ग ने बीमा और बैंकिंग सेक्टर से कॅरियर की शुरुआत की। 1980 से 1983 तक एलआईसी में नौकरी की। 1983 से 1990 तक मारवाड़ ग्रामीण बैंक में अधिकारी रहे। 1990 में नौकरी छोड़कर चुनाव लड़ा और पहली बार विधायक बने। मुरली मनोहर जोशी और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुई एकता यात्रा में जोगेश्वर गर्ग ने राज्य मंत्री का पद छोड़कर भाग लिया था। इसके अलावा वे राम मंदिर आंदोलन में कार सेवक की भूमिका में भी नजर आए थे। गर्ग को मुख्य सचेतक बनाए जाने की खबर के बाद उन्हें बधाई देने का सिलसिला तेज हो चला है। सरकारी मुख्य सचेतक नियुक्त होने के बाद जोगेश्वर गर्ग ने कहा कि विपक्ष मजबूत होना ही चाहिए, तभी विधानसभा के सदन में अच्छी बहस होती है और सरकार भी सही काम करती है। विपक्ष की वाजिब बातों को माना जाएगा।

गर्ग ने कहा- पक्ष और विपक्ष मिलकर राजस्थान की जनता की भलाई के लिए सदन में चर्चा करें, सार्थक बहस हो इस पर पूरा प्रयास होगा। विधानसभा सदन की बैठकें ज्यादा से ज्यादा हों इसके लिए भी भरपूर कोशिश रहेगी। हमारे स्पीकर भी इस मत के हैं कि सदन की बैठकें ज्यादा होनी चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर