भारतीय रेलवे मजदूर संघ की 165 वीं कार्यसमिति बैठक संपन्न

जयपुर, 9 जनवरी (हि.स.)। भारतीय रेलवे मजदूर संघ की दो दिवसीय कार्यसमिति बैठक मंगलवार को जयपुर में संपन्न हुई। उत्तर पश्चिम रेलवे कर्मचारी संघ के महामंत्री विनय कुमार झा ने बताया कि बैठक के दूसरे दिन संघ के पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री सी वी राजेश मौजूद रहे।

भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय संगठन मंत्री बी सुरेंद्रन ने कार्यकर्ताओं को धनात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। बैठक के दौरान निर्णय लिया गया कि कार्यकर्ता भारतीय रेलवे मजदूर संघ द्वारा कर्मचारी हितों से संबंधित किए गए कार्यो एवं उपलब्धियों को एक- एक रेल कर्मचारी तक पहुंचाएं ताकि प्रत्येक रेलकर्मी को सच्चाई का पता रहे। बैठक में रेलवे पर आगामी मान्यता चुनाव को लेकर विभिन्न कार्ययोजनाओं पर विस्तृत विचार विमर्श कर कार्ययोजना बनाई गई।

भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय मंत्री एवं रेलवे प्रभारी अशोक शुक्ला ने कहा कि यदि कार्यकर्ता त्याग की भावना से अपना कार्य करेंगे तो आगामी मान्यता चुनाव में भारतीय रेलवे मजदूर संघ को सफलता अवश्य मिलेगी। बैठक को दिलीप कुमार चक्रवर्ती ने भी संबोधित किया जबकि भारतीय रेलवे मजदूर संघ के राष्ट्रीय महामंत्री मंगेश देशपांडे ने मंच का संचालन किया। बैठक में सर्वसम्मति से भारतीय रेलवे मजदूर संघ के उपाध्यक्ष अजय कुमार त्रिपाठी को कार्यकारी अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया।

हिन्दुस्थान समाचार/राजीव/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर