मंदसौर: अक्षत कलश यात्रा में सांप्रदायिक विवाद, आठ आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मुख्य आरोपी का अतिक्रमण बुलडोजर से ढहाया

मंदसौर 9 जनवरी (हि.स.)। नई आबादी थाना क्षेत्र के सेमली गांव में सोमवार शाम को अक्षत कलश यात्रा के दौरान सांप्रदायिक विवाद हो गया था। इसके बाद से गांव में पुलिस बल तैनात है। वहीं पुलिस ने धार्मिक यात्रा में विघ्न डालने वाले आठ नामजद और करीब 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ धार्मिक उन्माद फैलाने, बलवा और मारपीट जैसी धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। मंगलवार को दोपहर में मुख्य आरोपी के अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार रात सेमली गांव में अक्षत कलश यात्रा के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया था। स्थिति को देखते हुए आसपास के थानों और पुलिस लाइन से बल भेजकर गांव में तैनात किया गया। देर रात पुलिस की समझाइश पर मामला शांत हुआ। नई आबादी थाना पुलिस ने फरियादी अजय पिता किशोर प्रजापत की शिकायत पर गफूर पिता घासी अजमेरी सहित आठ नामजद और 15-20 अन्य लोगों के खिलाफ धारा 295।,147,294,506 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने नामजद सभी आठों आरोपियों को गिरफ्तार लिया है। वहीं अज्ञात आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है।

आरोपी के अतिक्रमण पर चलाया बुलडोजर

रात में हुए विवाद के बाद मंगलवार को दोपहर में प्रशासन का अमला पुलिस बल के साथ डिगांव चौपाटी पहुंचा। यहां आरोपी गफूर अजमेरी की शासकीय जमीन पर अतिक्रमण कर रखी गुमटी पर बुलडोजर चलाकर हटा दिया। आरोपी गुमटी में ऑटो गैरेज संचालित करता था।

सोमवार रात हुए साम्प्रदायिक विवाद के बाद सेमली गांव में आसपास के थानों और पुलिस लाइन बल लगाया है। नई आबादी टीआई रोहित कछावा ने बताया की गांव में शांति बनी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार/अशोक झलौया

   

सम्बंधित खबर