राम मंदिर का विरोध करने वाले अपना मानसिक इलाज कराएं : केशव मौर्य

-सपा का भविष्य समाप्तवादी पार्टी : केशव प्रसाद मौर्य

प्रयागराज, 09 जनवरी (हि.स.)। राम मंदिर का निर्माण सभी राम भक्तों के लिए गर्व का विषय है। लेकिन जो लोग राम भक्तों के ऊपर गोली चलवाए और जो लोग राम मंदिर निर्माण का विरोध कर रहे हैं, उनको भगवान सद्बुद्धि दे और अपना मानसिक इलाज कराए।

यह बातें मंगलवार की सायं संगमनगरी पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भेंट किया और उनकी समस्याओं को सुनकर निस्तारण का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि 500 वर्षों बाद रामलला मंदिर के निर्माण का उद्घाटन 22 जनवरी को होने जा रहा है। पूरे देश के कोने-कोने में उत्सव का माहौल है। पूरा देश 22 जनवरी को दीपोत्सव का महापर्व मनाने जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर देश के अंदर मोदी सरकार न होती तो राम मंदिर निर्माण के गौरव का यह दिन शायद हम सबको देखने को ना मिलता। इसलिए आज जो राम मंदिर का निर्माण हो रहा है, इसका गौरव मोदी सरकार को जाता है।

उन्होंने चुनाव के बारे में कहा कि सपा, बसपा, कांग्रेस 2019 में मिलकर चुनाव लड़ी थी, तब हमने 51 प्रतिशत वोट पाया था। आज 10 प्रतिशत वोट और बढ़ गया है। आगामी लोकसभा के चुनाव में हम 100 में 60 प्रतिशत वोट पाएंगे और 40 प्रतिशत में भी हम अपनी भागीदारी निभाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा भविष्य है और वर्तमान भी है। समाजवादी पार्टी गुंडों और माफियाओं की पार्टी है। जिसका भविष्य समाप्तवादी पार्टी के रूप में है।

इसके पूर्व उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का पुलिस लाइन हेलीपैड एवं सर्किट हाउस में भाजपा महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में स्वागत किया गया। इस दौरान सांसद केशरी देवी पटेल, महापौर गणेश केसरवानी, हर्षवर्धन बाजपेई, गुरु प्रसाद मौर्य, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, एमएलसी निर्मला पासवान, अवधेश चंद्र गुप्ता, जिलाध्यक्ष गंगापार कविता पटेल, यमुनापार विनोद प्रजापति, कमलेश कुमार, पार्षद किरन जायसवाल, वरुण केसरवानी, कुंज बिहारी मिश्रा, राजेश केसरवानी, पदुम जायसवाल सहित सैकड़ो की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त

   

सम्बंधित खबर