मप्रः नगरीय निकाय उपचुनावों के परिणाम जारी, 22 में से भाजपा के 16 और कांग्रेस के 3 पार्षद जीते

भोपाल, 9 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनावों के नतीजों का असर नगरीय निकाय के उपचुनावों पर भी दिखा है। प्रदेश के 22 पार्षद पदों के लिए हुए नगरीय निकाय उपचुनाव के परिणाम मंगलवार को जारी हुए। इनमें से भाजपा ने 16 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस सिर्फ तीन सीटों पर जीत हासिल कर सकी। वहीं, तीन सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों को सफलता मिली है।

दरअसल प्रदेश में पंचायतों और नगरीय निकायों में उप चुनाव के तहत पांच जनवरी को मतदान हुआ था। इसमें 9 हजार 220 पंच, 56 सरपंच, 15 जनपद पंचायत सदस्य और एक जिला पंचायत सदस्य के लिए वोट डाले गए थे। वहीं, अलग-अलग जिलों के 20 वार्ड में भी मतदान हुआ था।

भोपाल में भाजपा के डॉ. रेहान जीते

भोपाल में एक पार्षद और कुल 355 पंच पदों के लिए पांच जनवरी को वोटिंग हुई थी। भाजपा-कांग्रेस समेत अन्य पार्टियों के उम्मीदवार चुनाव मैदान में रहे। भोपाल के वार्ड क्रमांक 41 के उपचुनाव में भाजपा के डॉ. रेहान सिद्दीकी के सामने कांग्रेस के मोहम्मद फहीम, आम आदमी पार्टी के असद अली, ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुसलमीन के तौकीर अहमद निजामी से मुकाबला था। वार्ड में 10 हजार 20 वोट पड़े थे। इनमें भाजपा के रेहान सिद्दीकी को 4,873 वोट मिले। कांग्रेस के मोहम्मद फहीम को सिर्फ 2,253 वोट मिले। उप चुनाव परिणाम आते ही राज्य सरकार के मंत्री विश्वास सारंग मौके पर पहुंचे और माला पहनाकर उन्हें जीत की बधाई दी है।

दो वार्डों में निर्विरोध जीती भाजपा

नगरीय निकाय उपचुनाव में पन्ना और राजगढ़ में भाजपा प्रत्याशियों ने निर्विरोध जीत हासिल की। इसके अलावा कटनी और धार में दो-दो, भोपाल, मंडला, नरसिंहपुर, मैहर, रतलाम, जबलपुर, मैहर, बैतूल, दमोह और देवास में एक-एक सीट पर भाजपा को जीत मिली।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

   

सम्बंधित खबर