भारतीय दर्शन और संस्कृति से विवेकानंद ने विश्व को परिचित कराया : मुख्यमंत्री

देहरादून, 11 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद की जयन्ती पर उनका भावपूर्ण स्मरण करते हुए ‘राष्ट्रीय युवा दिवस‘ की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय दर्शन और हमारी महान संस्कृति के महत्व को देश व दुनिया से परिचित कराने का महान कार्य किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने जारी संदेश में कहा कि स्वामी विवेकानंद महान आध्यात्मिक विचारक और वक्ता के साथ वह युवाओं के लिए भी प्रेरणास्त्रोत थे। स्वामी विवेकानंद ने हमें उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्त होने तक न रुको का मंत्र दिया था।

उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश है और हमारे युवा देश की ताकत हैं। देश और राज्य के विकास के लिए युवाओं का देश के प्रति जिम्मेदार होना जरूरी है। स्वामी विवेकानंद की ओर से दिये गये संस्कारों और शिक्षा को आगे बढ़ाने की जरूरत बताया। मुख्यमंत्री ने युवाओं सहित सभी प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग कर देश व प्रदेश के विकास में अपना योगदान देकर सहयोगी बनें।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/रामानुज

   

सम्बंधित खबर