भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प को पूरा करने की जिम्मेदारी युवाओं पर; सांसद डामोर

झाबुआ; 12 जनवरी (हि.स.)। सामूहिक सूर्य नमस्कार के साथ जिला मुख्यालय स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में स्वामी विवेकानंद का जन्म दिवस शुक्रवार को युवा दिवस के रूप में मनाया गया। आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद गुमान सिंह डामोर समेत जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी व बड़ी संख्या में विद्यालयीन छात्राओं ने योग किया, साथ ही आमंत्रित अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए योग के महत्व का निरुपण किया। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद द्वारा शिकागों में दिए गए ऐतिहासिक भाषण के अंश भी विधार्थियों के समक्ष दोहराएं गए।

कार्यक्रम में सांसद गुमानसिंह डामोर ने विधार्थियों को कहा कि योग तन ओर मन को स्वस्थ रखने का तरीका है, अतः शिक्षा के साथ-साथ प्रतिदिन योग भी जरुर करें। उन्होंने कहा कि युवा इस देश के भाग्य विधाता है, और प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है, जिसे पूर्ण करने की जिम्मेदारी युवाओं पर है।

कार्यक्रम में मौजूद छात्राओं को संबोधित करते हुए कलेक्टर तन्वी हुड्डा ने कहा कि किसी भी काम को करने से पहले सोच विचार पूर्वक अपना लक्ष्य बनाएं और उस लक्ष्य को हासिल करने के लिए द्रढ़ता से कार्य करें। कलेक्टर ने योग के महत्व को बताते हुए कहा कि सूर्य नमस्कार से हम मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहते है। कार्यक्रम में जिला पुलिस अधीक्षक अगम जेन ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रेखा राठौर, अपर कलेक्टर एस. एस. मुजाल्दा, संयुक्त कलेक्टर भूपेंद्र रावत, डिप्टी कलेक्टर आशा परमार, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग निशा मेहरा, विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, शिक्षक शिक्षिकाए एवं बड़ी संख्या में छात्राए उपस्थित रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. उमेशचन्द्र शर्मा/मुकेश

   

सम्बंधित खबर