भाजपा की लोकप्रियता का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है: पीयूष

गुवाहाटी, 13 जनवरी (हि.स.)। राज्य के सूचना जनसंपर्क, जल संसाधन आदि मामलों के मंत्री पीयूष हजारिका ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी की जनता के बीच में लोकप्रियता का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर कछार पर्वतीय स्वायत्तशासी परिषद के पिछले चुनाव में भाजपा ने 19 सीटें जीती थी, जबकि इस बार पार्टी को 28 में से 25 सीटें मिली हैं। जबकि, कांग्रेस अपना खाता तक नहीं खोल सकी।

पीयूष हजारिका आज गुवाहाटी में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार तथा राज्य की डॉ हिमंत बिस्व सरमा नेतृत्व वाली सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों के कारण भाजपा लगातार चुनाव जीत रही है। उन्होंने कहा कि असम में बीते दो लोकसभा चुनावों, दो विधानसभा चुनावों के साथ ही जितने भी स्वायत्तशासी परिषदों, निगमों, निकायों के चुनाव हुए हैं- सभी में भाजपा की जीत का सिलसिला बरकरार रहा है। बल्कि यूं कहिए कि हर बार बीते बार की तुलना में अधिक सीटें भाजपा को मिल रही है।

उन्होंने कहा कि एक चुनाव में झूठ बोलकर जनता का वोट लिया जा सकता है, लेकिन 10 साल तक कोई झूठ बोलकर चुनाव नहीं जीत सकता है। यह भाजपा के सुशासन का ही नतीजा है कि लोगों में इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।

वहीं दूसरी ओर, उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लोकप्रियता लगातार काम हो रही है। उत्तर कछार पर्वतीय स्वायत्तशासी परिषद चुनाव में जहां भाजपा को 55 फ़ीसदी से अधिक वोट मिले हैं, वहीं कांग्रेस को सिर्फ आठ फीसदी दिए वोट मिले। उन्होंने कहा कि जिन निर्दलीय उम्मीदवारों ने वोट लिए हैं, वे भी भाजपा से ही चुनाव के दौरान निकालकर चुनाव लड़ने वाले हैं। कांग्रेस का एक तरह से नामोनिशान समाप्त हो गया है।

संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कार्बी आंगलोंग स्वायत्तशासी परिषद के चुनाव में भी भाजपा को बीते चुनावों से अधिक सीटें मिलने का जिक्र किया। इस दौरान मंत्री ने पत्रकारों के कई अन्य सवालों के भी सीधे-सीधे उत्तर दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर