एक साल में बेगूसराय नगर निगम ने हासिल की कई उपलब्धि, हम रचेंगे इतिहास : महापौर

बेगूसराय, 13 जनवरी (हि.स.)। नगर निगम के महापौर पिंकी देवी ने आज अपने कार्यकाल एक वर्ष पूरा होने पर रिपोर्ट जारी किया है। मौके पर नगर आयुक्त मनोज कुमार, पूर्व मेयर संजय कुमार सिंह सहित दर्जनों पार्षद उपस्थित थे।

महापौर ने कहा कि शहरवासियों ने जिस उम्मीद के साथ मुझे चुना, भरसक उनके उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास रखा। सभी वार्डों में सफाई के लिए मजदूर छह से बढ़कर आठ कर दिया गया है। वर्तमान में 693 सफाई कर्मी को सफाई कार्य में लगाया गया है। जिसका जिओ टेग सत्यापन कार्यालय द्वारा किया जा चुका है।

गार्बेज फ्री सिटी के तहत निदान के साथ अभिनव प्रयोग के तौर पर पायलट प्रोजेक्ट के रूप में वार्ड संख्या 35 एवं 23 में कार्य प्रारंभ कराया जा रहा है। नाइट स्वीपिंग के तहत कुछ मुख्य मार्ग में रात्रि में अलग से मजदूर लगाकर साफ सफाई एवं कूड़ा उठाने का कार्य किया जा रहा है। सभी प्रमुख सड़कों की रात्रि में भी सफाई एवं कूड़ा उठाने की निविदा अंतिम चरण में है।

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए सरकार द्वारा बरौनी प्रखंड के मल्हीपुर में 16 एकड़ भूमि हस्तानांतरित किया गया है। जहां कचरों के प्रसंस्करण एवं लैंडफिल साइट विकसित करने के लिए शीघ्र ही विभाग द्वारा कार्य प्रारंभ किया जाएगा। राजस्व वसूली के मामले में नगर निगम द्वारा बस स्टैंड मार्केट कंपलेक्स का राजस्व वसूली शत-प्रतिशत किया गया।

छोटी बस पड़ाव स्थित ई-रिक्शा पार्किंग शुल्क अभी तक 33 लाख की गई है, जो लक्ष्य का 140 प्रतिशत कर लिया गया है। नगर निगम द्वारा प्रॉपर्टी टैक्स वसूली में निर्धारित लक्ष्य सात करोड़ से बढ़कर 15 करोड़ किया गया है। जिसके विरुद्ध 12.23 करोड़ का डिमांड जनरेट किया गया है एवं विभागीय लक्ष्य नौ करोड़ के विरुद्ध वसूली अभी तक 5 करोड़ 21 लाख 97 हजार 80 रुपये की गई है।

25 हजार स्वकर निर्धारण प्रपत्र संपत्ति करदाताओं के बीच वितरित किया गया है। जिसमें विगत एक वर्ष में 15685 संपत्ति का स्वकर निर्धारण कराया गया, जो पिछले वर्ष से अब तक 5060 अधिक है। प्रदूषण के क्षेत्र में शहर में सड़कों पर पानी का छिड़काव करके, निर्माण कार्यों को ढंक कर नहीं करने के संबंध में जुर्माना करके, यत्र-तत्र कूड़े के ढेर को जलाने पर दंड की कार्रवाई इत्यादि करके प्रदूषण पर नियंत्रण किया जा रहा है।

इसका उल्लंघन करने वालों से जिला प्रशासन एवं परिवहन विभाग ने 48 लाख 54 हजार पांच सौ की जुर्माना वसूली की गई है। वायु प्रदूषण को कम करने का प्रयास जारी है। विशेष अभियान चलाकर कैंप लगाकर प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली की गयी। शहर में जाम से निजात के लिए ट्रैफिक चौक, हीरालाल चौक, काली स्थान चौक, बजरंग चौक आदि जगहों पर ट्रैफिक मित्र की बहाली की गई।

शहर में हर-हर महादेव चौक पर स्वच्छता के प्रति जागरूकता के लिए आई लव क्लीन सिटी का बोर्ड लगाया गया है। महिला कॉलेज के निकट एवं ऑफिसर्स कॉलोनी में चिल्ड्रेन पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। सिस्टम एवं आंतरिक निधि के तहत 136 ग्रुप में 33 करोड़ की योजनाओं का निविदा किया गया है।

आवास लाभुकों को विभिन्न किस्तों का सात करोड़ 29 लाख 18 हजार रुपये का हस्तांतरण किया गया है। नगर निगम क्षेत्र के 1618 नालों के ढक्कन को बदल दिया गया है, शेष करीब तीन सौ ढक्कन निर्माणाधीन है।पावर हाउस चौक, वीर कुंवर सिंह चौक एवं महिला कॉलेज सहित तीनों स्थानों पर नए टॉयलेट का निर्माण किया गया।

नगर आयुक्त न्यायालय में 61 अवैध निर्माण के मामले चल रहे हैं जिसमें तीन मामलों का आदेश पारित कर 29 लाख 48 हजार 80 रुपये जुर्माना लगाया गया है। पहली बार 1728 नई प्रॉपर्टी टैक्स बकायेदारों को नोटिस जारी किया गया तथा पांच व्यक्तियों पर नगर आयुक्त न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। 203 नक्शा पास कर वितरण कैंप के माध्यम से किया गया।

कचरा डंपिंग प्वाइंट अब 69 की जगह 39 कर दी गई, कचरा डंप में कमी करने से स्वच्छता में वृद्धि हुई है। अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध 14 बार ड्राइव चलाई गई। 257 अतिक्रमणकारियों पर नगर आयुक्त न्यायालय से आर्डर पारित किया गया। करीब एक करोड़ 16 लाख राशि के अंतर्गत एमएन राय पथ एवं पसपुरा सड़क का जीर्णोद्धार कार्य प्रक्रिया में है। आस्था नगर में जलजमाव की समस्या से निबटने के लिये 68 लाख की योजना प्रक्रियाधीन है।

हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/चंदा

   

सम्बंधित खबर