कांग्रेस पार्टी केवल वोटबैंक की करती है राजनीति : सत्यदेव पचौरी

कानपुर,14 जनवरी(हि.स.)। कांग्रेस पार्टी केवल वोटबैंक की राजनीति करती है। इस पार्टी ने वोटरों के बारे में राजनीति से हटकर कभी कुछ सोचा ही नहीं। कांग्रेस पार्टी सिर्फ राजनीति करती है, जबकि भाजपा केवल राष्ट्रनीति करती है।

यह बात रविवार को रतनलाल नगर के जैना पैलेस मैदान में आयोजित दिव्यांगजनों को कंबल वितरण एवं समरसता भोज को संबोधित करते हुए कानपुर के सांसद सत्यदेव पचौरी ने कही।

उन्होंने कहा कि केंद्र में पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार और प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार की गरीब कल्याण की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के सभी जाति,धर्म,वर्ग के लोगों को समान रूप से मिल रहा है। भारत को तीसरी विश्व शक्ति बनाने के लिए लोगों से नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने की अपील की।

सांसद पचौरी ने कहा कि दिव्यांगता कोई अभिशाप नहीं है। दिव्यांगों ने बहुत से क्षेत्रों में देश का नाम रोशन किया है। दिव्यांगों की थोड़ी सी सहायता करके हम उनकी मंजिल पाने में मदद कर सकते हैं। दिव्यांगों को जरूरत की सामग्री,कृत्रिम अंग मिलना उसकी शारीरिक कमी की पूर्ति होने के समान है। दिव्यांग व्यक्ति अपने ज्ञान,कौशल एवं प्रतिभा के बल पर सफलता की उच्चतम बुलंदियों को छू सकता है। हम जरूरत का सामान देकर उनकी सहायता करके पुण्य जरूर कमा सकते हैं। मदद करना ही इंसान होने की असली पहचान है।

मुख्य अतिथि प्रांत प्रचारक श्रीराम ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ संपूर्ण जनमानस को एक सूत्र में पिरोने के लिए मकर संक्रांति के अवसर पर सामाजिक समरसता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। अयोध्या में भगवान श्री राम की प्राण,प्रतिष्ठा समारोह की वजह से 2024 की मकर संक्रांति सदैव यादगार रहेगी।

उन्होंने कहा कि राम विरोधी और राष्ट्र विरोधी ताकतें सदैव रामलाल हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे पर तारीख नहीं बताएंगे कहकर हमारा मजाक उड़ाते थे, मैं आज उनको बताना चाहता हूं कि अयोध्या में 22 जनवरी को आयोजित प्राण प्रतिष्ठा समारोह में देशभर से राम भक्त भगवान श्री राम के दर्शन करने पहुंच रहे हैं।

उन्होंने संपूर्ण समाज के लोगों से गली,मोहल्ले,चौराहों,मठ,मंदिरों,पार्कों पर स्वच्छता अभियान चलाने की अपील की। उन्होंने 22 जनवरी को प्रातः 11 से 1 बजे तक परिवार के छोटे,बड़े बच्चों के साथ सपरिवार एक साथ बैठ कर टीवी पर प्राण—प्रतिष्ठा कार्यक्रम को देखने और सुनने तथा सायं काल अपने अपने घरों,मठ,मंदिरों और पार्कों में श्रीराम ज्योति जलाने का आवाह्न किया।

विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि सूर्य के उत्तरायण होने पर शुभ मुहूर्त में ही अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह हो रहा है। विपक्षी पार्टियों के राम विरोधी घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं।

सांसद पचौरी ने कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभाशाली 21 दिव्यांगों को अंगवस्त्र, मोती की माला पहनाकर एवं अक्षत,दीप,कंबल भेंट कर सम्मानित किया। समरोह में उपस्थित डेढ़ हजार से ज्यादा दिव्यांगों को निःशुल्क कंबल,अक्षत एवं दीप वितरण किया गया। कड़ाके की ठंड के मौसम में कंबल मिलते ही दिव्यांगो के चेहरे खुशी से चमक उठे। अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले भगवान श्रीराम जी के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर शहर में दीपोत्सव मनाने के लिए दिव्यांगों को मिट्टी के दीप भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता गोपाल अवस्थी, संचालन गणेश शुक्ला एवं समापन दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने किया। कार्यक्रम में अनीता त्रिपाठी व रंजीता पाठक ने वंदे मातरम् गायन किया।

हिन्दुस्थान समाचार/राम बहादुर/राजेश

   

सम्बंधित खबर