योगी के मंत्री ने दिया संदेश 22 को घरों में जलाएं दीप, मनाएं दीपावली

लोधेश्वर महादेवा पहुंचे राज्य मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार

बाराबंकी,17 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम है। यह दिन किसी त्योहार से कम नहीं हैं। हमें इस दिन को दीपावली की तरह मनाना चाहिए। यह अपील योगी सरकार में राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने की है।

राज्यमंत्री बुधवार को जनपद में पहुंचकर लोधेश्वर महादेवा के प्रसिद्ध शिव मंदिर में जलाभिषेक कर प्रदेश व देश के खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की। पूजन अर्चन के उपरांत मंदिर परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।

इसके बाद डाक बगला रामनगर पर स्थानीय अधिकारियों व भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी में युद्धस्तर पर जुट जाए। गांव, चौराहे और गली-मोहल्ले में जाकर कार्यकर्ता भाजपा सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जन-जन को अवगत कराये।

इतना ही नहीं, 22 जनवरी को अयोध्या के राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के मद्देनजर लोगों को इस दिन मंदिरों व अपने अपने घरों में देव दीपावली मनाने के लिए प्रेरित करें। घरों के आसपास साफ-सफाई रखने को कहें। इस मौके पर पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी, रामनगर नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष बद्री विशाल त्रिपाठी समेत कई लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/दीपक/सियाराम

   

सम्बंधित खबर