स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्राथमिकता से उपलब्ध कराएं बजटः उप मुख्यमंत्री शुक्ल

भोपाल, 17 जनवरी (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि स्वास्थ्य सेवाओं का सुचारू संचालन प्रदेश के विकास के लिए अहम हैं। स्वास्थ्य अधोसंरचनाओं के विकास का लाभ उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त चिकित्सकीय स्टाफ और दवाओं की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बजट की उपलब्धता प्राथमिकता से सुनिश्चित करें।

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल बुधवार को मंत्रालय में स्वास्थ्य एवं वित्त विभाग के अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस मौके पर प्रदेश के स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालयों एवं अन्य शासकीय स्वास्थ्य सेवा संस्थानों में दवाइयों, उपकरणों, कन्ज्यूमेबल आईटम्स की उपलब्धता एवं वेतन भुगतान के लिए बजट की व्यवस्था की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिये।

प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को करें सुदृढ़

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को ज़िले स्तर के साथ सीएचसी एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर सुदृढ़ करें। विकेंद्रीकृत संगठित एवं सशक्त स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं का उत्कृष्ट प्रदाय कर प्रदेश के स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार किया जा सकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को युक्तियुक्त तरीक़े से स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित बजट आवश्यकता प्रस्तुत करने के निर्देश दिये, जिससे विभागीय समन्वय से प्राथमिकता वाले विषयों में बजट उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। बैठक में द्वितीय अनुपूरक मांग के संबंध में चर्चा कर उप मुख्यमंत्री ने आवश्यक निर्देश दिये।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नवीन मेडिकल कॉलेज में स्टाफ की उपलब्धता के लिए प्रक्रियात्मक औपचारिकताएँ शीघ्र पूर्ण करें। स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में नवीन 18 हज़ार 653 पदों की स्वीकृति के लिए प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करें।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव मो. सुलेमान, वित्त विभाग के सचिव अजीत कुमार, स्वास्थ्य आयुक्त डॉ सुदाम खाड़े, एनएचएम मिशन संचालक प्रियंका दास, स्वास्थ्य संचालक दिनेश श्रीवास्तव, चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर आयुक्त डॉ पंकज जैन सहित स्वास्थ्य एवं वित्त विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/नेहा

   

सम्बंधित खबर