पीडीए के लोगों को मिले सम्मान : अखिलेश यादव

- सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मध्य प्रदेश के दौरे पर पहुंचे

लखनऊ/जबलपुर, 17 जनवरी (हि.स.)। समाजवादियों की विचारधारा है कि पिछड़े, दलित,आदिवासी और अल्पसंख्यक (पीडीए) भाइयों को सम्मान मिले। सच्चाई तो यह है कि सच्चा राम राज्य तभी है जब पीडीए के लोगों को सम्मान मिले। यह बातें मध्य प्रदेश के दौरे पर पहुंचे समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कही। वह जबलपुर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

अखिलेश यादव ने एमपी में हुए चुनाव में पूछे गए सवाल पर कहा कि जो परिणाम हम चाहते थे वह परिणाम नहीं आए हैं लेकिन हम लोग निराश नहीं हुए हैं। आने वाले समय में समाजवादी पार्टी काम करेगी। हमें उम्मीद है उत्तर प्रदेश में जहां समाजवादी पार्टी मुख्य भूमिका में है, इसी तरह मध्य प्रदेश में भी एक ताकत बनकर बढ़ेगी।

आईएनडीआईए गठबंधन में कौन कितनी सीटों पर लड़ेगा के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि मुझे भरोसा है कि सीटों का बंटवारा ठीक होगा। समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और हमारे सहयोगी दल सब मिलकर उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराएंगे।

सपा अध्यक्ष के जबलपुर पहुंचने पर पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। यहां पर अखिलेश यादव लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और जीत का मंत्र देंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/मोहित/राजेश

   

सम्बंधित खबर