कांग्रेस नेता राष्ट्रीय आस्था के प्रतीक का अपमान कर रहे हैं : चुघ

जम्मू, 17 जनवरी (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरूण चुघ ने बुधवार को अयोध्या में प्रतिष्ठा समारोह को एक राजनीतिक समारोह बताने के लिए राहुल गांधी सहित कांग्रेस नेताओं की आलोचना की और कहा कि यह कांग्रेस नेताओं के राम विरोधी रुख को दर्शाता है। चुघ ने कहा कि कांग्रेस हमेशा भारतीय सांस्कृतिक लोकाचार के खिलाफ विभाजनकारी राजनीति खेलती रही है।

प्रतिष्ठा समारोह राष्ट्रीय आस्था का विषय है जिसमें सभी जाति और समुदाय के लोग भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि भगवान राम एक राष्ट्रीय गौरव हैं, लेकिन दुर्भाग्य से यह कांग्रेस है जो इससे दूर रहने का फैसला करके इस समारोह का राजनीतिकरण कर रही है।

चुघ ने कहा कि ऐसे समय में जब पूरा देश श्री राम के जयकारों से गूंज रहा है, कांग्रेस लोकप्रिय भावना के विपरीत विघटनकारी स्वर में आवाज उठा रही है।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक चिंताओं के बावजूद सभी को अयोध्या समारोह का निमंत्रण भेजा गया है फिर भी कांग्रेस इसमें राजनीति जोड़ने से बच नहीं सकती। इस मामले पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता कर्ण सिंह जैसे प्रमुख लोगों का क्या कहना है, उससे कांग्रेस को सबक लेना चाहिए। चुघ ने कांग्रेस से देश के लोगों की लोकप्रिय आस्था का सम्मान करने का आग्रह किया।

हिन्दुस्थान समाचार/राहुल/बलवान

   

सम्बंधित खबर