बाढ़ को लेकर सोनोवाल ने की डॉ. सरमा से बात

गुवाहाटी, 01 जुलाई (हि.स.)। डिब्रूगढ़ के सांसद तथा केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोमवार को असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा से डिब्रूगढ़, तिनसुकिया और राज्य के अन्य हिस्सों में बाढ़ की स्थिति के बारे में फोन पर बात की। सोनोवाल ने उनसे बाढ़ पीड़ितों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने प्रभावित लोगों को तत्काल राहत दिए जाने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा, हम डिब्रूगढ़ में स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं। हमारा प्रशासन सभी आवश्यक उपाय कर रहा है। संकट की इस घड़ी में डिब्रूगढ़ और अन्य प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के साथ हमारा प्रशासन पूरी मजबूती से खड़ा है।

उल्लेखनीय है कि अरुणाचल प्रदेश, असम के साथ ही पूरे पूर्वोत्तर में कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण ब्रह्मपुत्र समेत राज्य की प्रायः सभी नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। असम मणिपुर समेत कई राज्यों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। असम में कई स्थानों पर नदियों के तटबंध टूट जाने के कारण सैकड़ो गांव जलमग्न हो गए हैं। प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य किये जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर