रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर असम में व्यापक तैयारियां

गुवाहाटी, 19 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में 22 जनवरी को होने जा रहे रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के मद्देनजर गुवाहाटी समेत पूरे असम में व्यापक पैमाने पर तैयारी की गई है। राज्य के मंदिर परिसरों की सफाई की गई है तथा जगह-जगह पर आकर्षक रोशनी की व्यवस्था की गई है। गुवाहाटी शहर समेत राज्य के सभी शहरों को राम पताका से सजाने का अभियान चल रहा है। राज्य सरकार द्वारा इस दौरान आधे दिन का सरकारी अवकाश की घोषणा को लेकर राज्य के सरकारी कर्मचारियों में व्यापक हर्षोल्लास देखा जा रहा है। सभी अपने-अपने तरीके से इस अवसर को विशेष रूप से मनाने की तैयारी कर रहे हैं।

इधर, सिलचर से आयी खबरों के अनुसार सिलचर समेत पूरे बराक घाटी में उत्सव का माहौल है। सिलचर शहर को रोशनी से सजाया गया है, पूरे शहर के आकर्षण को बढ़ा दिया है। इसके अलावा पूरे सिलचर शहर को राम पताका से सजाया गया है।

इसी बीच, भगवान राम के भक्त उनकी तस्वीर वाले झंडों की तलाश में दुकानों पर उमड़ पड़े हैं। लोग अपने घरों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, बाइकों और अन्य वाहनों पर झंडे लगाने के लिए झंडे ढूंढते दिखे।

वहीं, एक अन्य सूचना के अनुसार मंगलदै के श्रीराम जानकी मंदिर में विशाल व्यवस्था की गई है। मंगलदै स्थित राम-जानकी मंदिर परिसर को एक लाख दीपों से जगमगाने की तैयारी की गई है।

प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर देश के सभी मंदिरों के साथ, दरंग जिले के लगभग सभी मंदिरों में वैदिक नियमों के अनुसार पूजा किये जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर