सभी राज्य की विधानसभाओं को एक करने की हो रही कोशिश : ओम बिरला

रायपुर, 20 जनवरी (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शनिवार को छत्तीसगढ़ के नवनिर्वाचित सदस्यों को नियमों की जानकारी से अवगत कराने के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम की शुरुआत की। उसके बाद उन्होंने पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि नए सदस्यों को विधानसभा की मर्यादा व नियमों की जानकारी होना बहुत जरूरी होता है। इससे सदस्य सदन में अपनी बात प्रभावी ढंग से रख सकते हैं और विकास में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

बिरला ने कहा कि पूरे देश की राज्य सभाओं को एक करने की कोशिश की जा रही है। सभी राज्य सभाओं को डिजिटलाइजेशन व पेपर लेस कार्यवाही के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसमें छत्तीसगढ़ ने अपना कदम बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि लोकसभा व विधानसभा में कम से कम गतिरोध हो। हर राज्य की विधानसभाएं अपना नियम बनाती हैं, इसके लिए उनकी स्वायत्तता होती है। सभी राज्य अपनी परिस्थिति के अनुसार नियम बनाती हैं, जो प्रदेश के हित में हो। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में 50 प्रतिशत से ज्यादा नए सदस्य चुन कर आए हैं, साथ ही महिलाओं की भागीदारी भी अच्छी है। सभी नव निर्वाचित सदस्यों के लिए प्रबोधन कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल व छग विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष व विधायक धरमलाल कौशिक उपस्थत रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ चंद्रनारायण शुक्ल

   

सम्बंधित खबर