राम उत्सव को लेकर राजस्थान में हर्ष का माहौल, हर शहर-हर गांव के मंदिरों में होंगे धार्मिक कार्यक्रम, ढाणियां तक रोशनी से जगमगा रही

जयपुर, 21 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होगी। इसे लेकर राजस्थान में भी उत्सव का माहौल है। घर-घर में दीपोत्सव की तैयारी चल रही है, मंदिरों में विशेष अनुष्ठान किए जा रहे हैं। कहीं अखंड हनुमान चालीसा हो रही है तो कहीं सुंदर कांड के पाठ किए जा रहे हैं। मंदिरों को भगवा झंडों से सजाया गया है। रामधुनी की गूंज हर मंदिर से सुनाई दे रही है। यज्ञ-हवन कार्यक्रम शुरू हो चुकी हैं। राजस्थान के कोने-कोने में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव पूरे उत्साह से मनाया जा रहा है।

जयपुर के चौड़ा रास्ता में धामाणी मार्केट के सामने रविवार काे एक शाम राम के नाम कार्यक्रम होगा। इसमें 30 सितार वादक रामधुन बजाएंगे। महिला मंडल की ओर से हजारों की संख्या में दीप जगमग किए जाएंगे। आयोजन विराट वैश्य महापंचायत समिति कर रही है। यही कार्यक्रम सोमवार को भी होगा।

वहीं 22 जनवरी को अल्बर्ट हॉल के सामने श्रीरामलला दीपोत्सव होगा। यहां मिनी राम मंदिर का प्रतिरूप बनाकर दीपावली मनाई जाएगी। पूरे रामनिवास बाग को अयोध्या नगरी के रूप में सजाया गया है। यहां शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। इस पर हेलिकॉप्टर से फूलों की बारिश होगी। श्रीधर्म फाउंडेशन ट्रस्ट, जयपुर नगर निगम ग्रेटर और जयपुर व्यापार महासंघ की ओर से यह आयोजन होगा। जैसलमेर शहर में मंदिरों में सजावट और धार्मिक कार्यक्रम होंगे। सोमवार को दीपोत्सव कार्यक्रम होगा। रामकुंडा के राम मंदिर में दीपोत्सव, सजावट, सत्संग, यज्ञ, महाआरती और प्रसादी का कार्यक्रम होगा। गजेटेड हनुमान मंदिर में 10 हजार दीपक जलाए जाएंगे। व्यास बगीची में अखंड रामायण और सुंदर कांड का पाठ होगा। यहीं प्रसादी का कार्यक्रम होगा। मंदिरों में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का लाइव प्रसारण होगा। वहीं घरों में दीपोत्सव मनाया जाएगा। बांसवाड़ा शहर में सोमवार को नगर परिषद की ओर से गांधी मूर्ति चौराहे पर राम मंदिर का मॉडल लगाया जाएगा। साथ ही अयोध्या के कार्यक्रम का बड़ी स्क्रीन पर लाइव प्रसारण होगा। सोमवार को शहर में शोभा यात्राएं निकलेंगी। गांवों में मंदिरों में सामूहिक महाप्रसादी होगी। दौसा के मेहंदीपुर बालाजी मंदिर में 51 कुंडीय यज्ञ और अखंड रामायण पाठ होगा। इसके अलावा गिरिराज धरण मंदिर, गोविंददेवजी मंदिर, श्याम मंदिर, दुर्गा मंदिर में सजावट की जाएगी और दीपोत्सव मनाया जाएगा। विश्व हिंदू परिषद की ओर से कारसेवकों का सम्मान भी किया जाएगा।

जोधपुर में केंद्रीय रोडवेज बस स्टैंड परिसर, पावटा में नव निर्मित श्रीराम शक्ति मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होगी। इसे लेकर 20 जनवरी से कार्यक्रम शुरू हुए जो 22 जनवरी तक चलेंगे। 20 जनवरी शनिवार को यहां हवन और सुंदरकांड हुआ। सोमवार को यज्ञ, मूर्ति प्रतिष्ठा, महाप्रसादी और महाआरती के कार्यक्रम होंगे। सोमवार को उम्मेद क्लब के ओपन थिएटर में सोमवार शाम 6 बजे से दीपोत्सव और भजन संध्या का कार्यक्रम होगा। इसके साथ ही जोधपुर शहर के कृष्ण मंदिर, कुंज बिहारी मंदिर, गंगश्याम मंदिर, जूना खेड़ापति हनुमान मंदिर सहित करीब 500 मंदिरों में भजन संध्या, महाआरती समेत कई धार्मिक कार्यक्रम होंगे। जोधपुर में 630 जगहों पर एलईडी स्क्रीन लगाकर अयोध्या में होने वाले रामलला प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लाइव दिखाया जाएगा। विहिप और बजरंग दल की ओर से यह व्यवस्था की गई है। घंटाघर क्षेत्र में 11 हजार दीये जलाए जाएंगे। हिंदू सेवा मंडल के बैनर तले यह कार्यक्रम होगा। जूना खेड़ापति हनुमान मंदिर में 5 हजार दीये जलाए जाएंगे।

अजमेर में 22 जनवरी को सुबह नौ बजे गांधी भवन पर सुंदर कांड का पाठ होगा। इसके बाद पौषबड़ा और प्रसादी वितरण होगा। गांधी भवन पर बड़ी एलईडी स्क्रीन पर अयोध्या में श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का लाइव प्रसारण किया जाएगा। कोटा में श्रीमंगलमय चमत्कारी धाम विज्ञान नगर में सोमवार को भजन संध्या, मंगलवार को भंडारा होगा। श्रीसंकट मोचन हनुमान मंदिर रंगपुर रोड की ओर से 1008 महिलाएं कलश यात्रा निकालेंगी। महावीर नगर विस्तार योजना स्थित गणगौर पार्क मंदिर में रविवार को सुंदर कांड का पाठ होगा और सोमवार को विजय मंत्र (श्रीराम जय राम जय जय राम) जपते हुए पूजन, आरती, भजन, कीर्तन होंगे। सोमवार दोपहर 1 बजे से भंडारा होगा। सोमवार को शहर में कई जगह अयोध्या का कार्यक्रम बड़ी स्क्रीन पर लाइव दिखाया जाएगा। महावीर नगर विस्तार योजना स्थित शिव ज्योति कॉन्वेंट स्कूल रोड पर सोमवार को एलईडी लगाकर रामलला प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम दिखाया जाएगा। रात को 8 बजे आतिशबाजी होगी, फिर सुंदर कांड पाठ होगा। स्टेशन स्थित श्रीराम मंदिर में सोमवार को सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ और महाआरती होगी। शाम को भंडारा होगा।

भीलवाड़ा में सोमवार को पेच के बालाजी हनुमान मंदिर में सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ की पूर्णाहुति होगी। सोमवार को ही विश्व हिंदू परिषद की ओर से मंदिरों में हनुमान चालीसा, सुंदर कांड पाठ सहित भजन संध्या कार्यक्रम होंगे। अयोध्या का कार्यक्रम बड़ी एलईडी स्क्रीन पर लाइव दिखाया जाएगा। उदयपुर शहर में दाल-चावल व्यापार संघ की ओर से सवीना स्थित कृषि अनाज मंडी में रोशनी की सजावट की जाएगी। सोमवार को आतिशबाजी होगी और सुंदर कांड का पाठ किया जाएगा। उदयपुर विकास प्राधिकरण की ओर से सोमवार को सार्वजनिक स्थानों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन पर रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह का लाइव प्रसारण किया जाएगा। राजसमंद के कुंभलगढ़ फोर्ट परिसर में भी 11 हजार दीपक जलाए जाएंगे। द्वारिकाधीश मंदिर में महोत्सव के तहत सोमवार को शोभायात्रा निकाली जाएगी और भव्य आतिशबाजी की जाएगी। पाली शहर में सोमवार को लाखोटिया तालाब को एक लाख दीयों से जगमग किया जाएगा। शहर के सभी चौराहों पर सजावट की जाएगी। यहां सीरवी समाज की ओर से गैर नृत्य की प्रस्तुति होगी। शहर के सभी प्रमुख मंदिरों के बाहर श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के पोस्टर लगे हैं। अयोध्या का कार्यक्रम एलईडी स्क्रीन के जरिए लाइव दिखाया जाएगा।

सवाई माधोपुर शहर में सोमवार को शहर के 51 मंदिरों में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और सुंदर कांड के पाठ किए जाएंगे। साथ ही अयोध्या में होने वाले रामलला प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का शहर के प्रमुख मंदिरों में एलईडी स्क्रीन लगाकर लाइव दिखाया जाएगा। चित्तौड़गढ़ शहर में सभी चौराहों पर सोमवार को सजावट होगी। सोमवार को सुभाष चौक पर काशी के कलाकार रामलीला का मंचन करेंगे। इसमें राज्याभिषेक, राजतिलक का मंचन होगा। घरों में सोमवार रात दीये जलाए जाएंगे। झुंझुनूं में सोमवार को तीन लाख और जिले भर में 21 लाख दीये जलाए जाएंगे। गांधी चौक को लाइट, भगवा झंडे, रंगोली, फूलों से सजाया जाएगा। सोमवार शाम पांच बजे साधु-संतों के सानिध्य में गांधी चौक पर 11 हजार दीपक जलाए जाएंगे। शाम छह बजे 501 महिलाएं श्रीराम की महाआरती करेंगी। शाम सात बजे राम दरबार की झांकी सजाई जाएगी। जिले के सीतसर गांव स्थित बालाजी धाम मंदिर में सोमवार को भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मणजी की मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा होगी। यहां सात कुंडीय महायज्ञ भी होगा।

श्रीगंगानगर में सोमवार को हनुमानगढ़ रोड स्थित श्रीबालाजी धाम मंदिर में यज्ञ, अखंड संकीर्तन, लंगर और 108 दीपकों से आरती होगी। श्रीगोशाला स्थित राधा गोविंद मंदिर में सोमवार को यज्ञ होगा। इसके बाद एलईडी स्क्रीन पर अयोध्या के समारोह का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। शहर के न्यू क्लॉथ मार्केट सहित कई मंदिरों और संगठनों की ओर से सोमवार को धार्मिक आयोजन होंगे। बाड़मेर में सोमवार को घरों-मंदिरों में दीपोत्सव मनाया जाएगा, इस दौरान घर-घर दीप जलाए जाएंगे। सीकर में सोमवार को स्वदेशी मंच की ओर से शहर में बाइक रैली निकाली जाएगी। यह रैली एमके मेमोरियल शिक्षण संस्थान से शुरू होगी, जो कल्याण सर्किल, स्टेशन रोड, जाट बाजार, रामलीला मैदान से बजाज रोड सांवली होते हुए हर्ष स्थित लालोलाव बालाजी मंदिर पहुंचेगी। लालोलाव मंदिर में संगीतमय सुंदर कांड पाठ और 5100 दीपक जलाकर दीपयज्ञ होगा। इसके बाद प्रसादी का आयोजन होगा।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित

   

सम्बंधित खबर