राममय राजस्थान : प्रभात फेरियां निकाल मंदिरों में किए भजन-कीर्तन और रामायण पाठ

जयपुर, 22 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर पूरे राजस्थान में भव्य धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। सुबह से प्रदेश के सभी मंदिरों में भजन-कीर्तन और रामायण पाठ किए जा रहे हैं। रामधुन के साथ जयपुर सहित कई शहरों में प्रभात फेरियां निकाली गईं।

शहरों के साथ पाकिस्तान बॉर्डर के नजदीक भी जय श्री राम के स्वर गूंज रहे हैं। जैसलमेर के तनोट माता मंदिर में बीएसएफ के जवान रामायण पाठ कर रहे हैं। जिसकी पूर्णाहुति आज होगी। जयपुर में आज मुख्य कार्यक्रम रामनिवास बाग में होगा। यहां राममंदिर का 35 फीट ऊंचा मॉडल बनाया गया है। साथ ही दीपकों से भी राममंदिर बनाया गया है। यहां हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा होगी और शाम को महाआरती होगी। जयपुर के अलावा जोधपुर, सीकर, झुंझनूं, भीलवाड़ा, धौलपुर, कोटा में भी सुबह से कई धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। मंदिरों से लेकर श्मशान घाटों तक को सजाया गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सांगानेर में, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने सिटी पैलेस के मंदिर में विशेष पूजा की। वहीं, प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव पर राजस्थान सरकार ने श्रद्धालुओं के लिए कई घोषणाएं भी की हैं।

अयोध्या के साथ ही जयपुर में भी राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का जश्न मनाया जा रहा है। इसका जश्न मनाने सीएम भजनलाल शर्मा देव दर्शन पर हैं। सभी मंत्री और विधायक अलग-अलग मंदिरों में पूजा-अर्चना कर रहे हैं। जयपुर में जगह-जगह शोभायात्रा निकाली जा रही है। इस दौरान बड़ी चौपड़ से लेकर रामगंज चौपड़ तक ऊंट-घोड़ों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। अल्बर्ट हॉल पर राम मंदिर के जैसा 35 फीट ऊंचा भव्य राम मंदिर का स्वरूप बनाया गया है। बंगाल से आए 150 कारीगरों ने इसका निर्माण किया है। मंदिर की यह झांकी लोगों के लिए तीन दिन तक रहेगी। आज के इस खास दिन पर शाम को अल्बर्ट हॉल परिसर में 300 ड्रोन से हवा में भगवान श्रीराम का स्वरूप बनाया जाएगा। सार्वजनिक स्थान पर इस प्रकार का आयोजन पहली बार हो रहा है, जिसे तीन से चार किमी तक की दूरी से लोग देख सकेंगे। कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और दोनों डिप्टी सीएम दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा को निमंत्रण दिया गया है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने न्यू सांगानेर रोड स्थित रामजानकी मंदिर, प्रतापनगर के सेक्टर-18 के देहलावास बालाजी मंदिर, प्रतापनगर के प्रेम मंदिर के दर्शन किए। सीएम ने प्रेम मंदिर में ही प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम देखा। इस दौरान वे भावुक हो गए। दूसरी तरफ दीया कुमारी ने सिटी पैलेस में पूजा की।

इस दौरान गोविंद देवजी मंदिर पहुंचे भक्त भावुक हो गए। जयपुर के गलता गेट से शाम को शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में राम, लक्ष्मण और सीता की सजीव झांकी सजेगी। शोभायात्रा का मार्ग में अनेक जगहों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जाएगा। जो शाम पांच बजे अल्बर्ट हॉल पहुंचेगी। अल्बर्ट हॉल पर भगवान श्री राम सीता और लक्ष्मण की तीर्थराज पुष्कर से आए 51 पंडित वैदिक मंत्रोच्चार करेंगे। इसके साथ एक लाख 11 हजार दीपों से महाआरती की जाएगी। महाआरती में मंत्रोच्चार के साथ पुराने वाद्य यंत्रों की मधुर ध्वनि रोमांचित करने वाली होगी। रामगंज व्यापार मंडल की ओर से रामजी की शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा में व्यापारियों ने अपने परिवार के साथ पीले साफे बांधकर नाचते झूमते राम लला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का जश्न मनाया। शोभायात्रा में ऊंट, घोड़े, बग्गी बैंड बाजों के साथ भव्य आतिशबाजी भी की गई। जो बड़ी चौपड़ से लेकर रामगंज चौपड़ तक निकाली गई।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप

   

सम्बंधित खबर