जीजा के साथ खाना खाने की कहकर निकले मार्बल व्यापारी ने खुद को गोली से उड़ाया

बाड़मेर, 22 जनवरी (हि.स.)। बाड़मेर के आदर्श चवा इलाके में रविवार को एक मार्बल व्यापारी ने घर से महज 100 मीटर की दूरी पर खुद को पिस्टल से गोली मार ली। वह अपने जीजा के साथ खाना खाने की कहकर निकला था। इस दौरान घर के पास खड़ी कार के पीछे जाकर युवक ने इस घटना को अंजाम दिया। जब जीजा कार के पीछे उसे तलाशते हुआ पहुंचा तो साले के सिर से खून बह रहा था। उसे जिला अस्पताल लेकर गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने घटना स्थल से अवैध पिस्टल बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी हैं।

सदर थाने के एसआई बगडूराम ने बताया कि आदर्श चवा निवासी मालाराम देवासी (23) पुत्र सवाराम हैदराबाद में मार्बल व्यापारी है। दो दिन पहले ही वह बाड़मेर में अपने गांव आया था। रविवार को गांव में घर के पास बनी सड़क किनारे कार के पास उसका शव मिला। मालाराम का जीजा नवलाराम और ग्रामीण उसे हॉस्पिटल लेकर आए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सदर पुलिस हॉस्पिटल पहुंची। शव को जिला हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस उपाधीक्षक आनंद सिंह व सदर सीआई किशन सिंह मौके पर पहुंचें और मौका मुआयना कर घटना की जानकारी ली। सदर थाना एसआई बगडूराम ने बताया कि मार्बल व्यापारी मालाराम ने अवैध पिस्टल से खुद को गोली मार कर सुसाइड कर लिया है। घटनास्थल पर कार के पास एक पिस्टल बरामद की है। परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। अवैध पिस्टल को लेकर अलग से मामला दर्ज किया है। इसकी जांच पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने घटना स्थल देखकर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।

आदर्श चवा सरपंच पति रघुनाथ सिंह ने बताया कि मालाराम और उसका जीजा रविवार रात को करीब 8 बजे मेरे पास आए थे। वे गांव में एक प्लॉट लेना चाहते थे। इसके बाद कॉफी पीकर मेरे यहां से चले गए थे। इसके करीब डेढ़-दो घंटे बाद सूचना मिली की सुसाइड कर लिया। मालूम किया तो पता चला कि मेरे घर निकलने के बाद वह अपने जीजा को उनके घर छोड़कर खाना साथ खाने की बात कहते हुए निकला था। इसके बाद जब वह काफी देर तक नहीं लौटा तो जीजा ने उसे ढूंढना शुरू किया। घर से 100 मीटर दूर उसकी कार खड़ी दिखाई दी। पास जाकर देखा तो कार के पीछे मालाराम निढाल पड़ा था। उसके सिर से खून बह रहा था। पूरा चेहरा खून से लथपथ था। इसके बाद मालाराम को अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

परिजनों के अनुसार मृतक के चार भाई है। मालाराम सबसे छोटा था। सबसे बड़ा भाई गांव में खेती बाड़ी करता है। दो भाई दूसरे राज्यों में अलग-अलग काम करते हैं। मालाराम पिछले 10-12 सालों से हैदराबाद में ही रहता था। पांच-छह साल पहले ही खुद का मार्बल का व्यापार शुरू किया था। वह शादीशुदा था और उसके दो बच्चें भी है।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर