उत्तराखंड : 82 लाख 43 हजार 423 मतदाताओं की संख्या

-युवा 01 लाख 29 हजार 62 वोटर

-2 लाख 57 हजार 933 नए मतदाता जुड़े हैं

देहरादून, 22 जनवरी (हि.स.)। उत्तराखंड में 1 लाख 29 हजार 62 नए युवा वोटर बनने के साथ ही राज्य में कुल मतदाताओं की 82 लाख 43 हजार 423 संख्या हो गई है। इस तरह से राज्य में 42 लाख 70 हजार से अधिक पुरुष और 39 लाख 72 हजार से अधिक महिला के अलावा 93 हजार 357 सर्विस वोटर भी हैं।

सोमवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में विधानसभा निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत निर्वाचक नामावली के अन्तिम प्रकाशन के संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. वी. षणमुगम ने पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने बताया कि एक जनवरी 2024 तिथि के आधार पर आज (22 जनवरी) के अंतिम प्रकाशन के आधार पर राज्य में 82 लाख 43 हजार 423 कुल मतदाताओं की संख्या है। राज्य में 1 लाख 29 हजार 62 युवा नए मतदाता बने हैं। प्रदेश में महिला मतदाताओं की संख्या 39 लाख 72 हजार 540 और पुरुष वोटर 42 लाख 70 हजार 597 बने हैं।

इसके साथ ही 93 हजार 357 सर्विस और 286 ट्रांसजेंडर मतदाता भी हैं। प्रदेश के रुद्रप्रयाग, बागेश्वर,चंपावत में एक भी ट्रांसजेंडर वोटर नहीं है। 18 से 19 साल के ट्रांसजेंडर वोटर 12 बने हैं। प्रदेश में 18 से 19 साल के 1 लाख 29 हजार 62 वोटर, 20 से 29 साल के 16 लाख 59 हजार 290 मतदाता बने हैं। 30 से 39 वर्ष के 19 लाख 4 हजार 523 मतदाता बने हैं। राज्य में अस्सी साल से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 1 लाख 54 हजार 259 है। सौ साल से अधिक उम्र के कुल 1411 वोटर, जबकि दिव्यांग वोटरों की संख्या 69 हजार 974 है। प्रदेश में कुल 11 हजार 729 पोलिंग स्टेशन है। इसमें शहरी 3461 ग्रामीण 8268 पोलिंग स्टेशन है।

एक लाख 58 हजार नाम हटाए -

पिछले साल के मुकाबले मतदाता सूची में 2 लाख 57 हजार 933 नए मतदाता जुड़े हैं। इनमें 12 लाख 958 पुरुष और 13 लाख 69 हजार 946 महिला के साथ 29 ट्रांसजेंडर मतदाता बने हैं और 1 लाख 58 हजार 11 मतदाता हटाए गए हैं। मतदाता सूची से हटाए गए हैं उनमें 13100 मृत्यु,118073 अन्य स्थानों पर शिफ्टिंग और 26838 डुप्लीकेसी की वजह से हटाए गए हैं।

पत्रकार वार्ता में सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय जोगदंडे, संयुक्त निर्वाचन अधिकारी प्रताप शाह उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/रामानुज

   

सम्बंधित खबर