संत समाज ने दी ब्रह्मलीन स्वामी सर्वेश्वर सिंह शास्त्री महाराज को श्रद्धांजलि

हरिद्वार, 23 जनवरी (हि.स.)। सप्त सरोवर क्षेत्र स्थित निर्मल संप्रदाय की प्रतिष्ठित संस्था माता सच्चिदानंद निर्मल कुटिया के ब्रह्मलीन परमाध्यक्ष स्वामी सर्वेश्वर सिंह शास्त्री निर्मल महाराज का श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। जिसमें निर्मल अखाड़े के पदाधिकारियो, संत जनों के साथ विभिन्न आश्रमों के संत, महंत महामंडलेश्वर उपस्थित रहे।

साधुबेला आश्रम के परमाध्यक्ष आचार्य स्वामी गौरीशंकर दास महाराज ने कहा कि स्वामी सर्वेश्वर सिंह शास्त्री निर्मल जी महाराज त्याग, तपस्या और करुणा की प्रति मूर्ति थे। उनके ब्रह्मलीन हो जाने से संत समाज को जो क्षति हुई है। उसे कभी पूरा नहीं किया जा सकता।

श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल के कोठारी महंत जसविन्दर सिंह महाराज ने एवं भारत माता मंदिर के महंत एवं निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी महाराज ने कहा कि बह्मलीन स्वामी सर्वेश्वर सिंह शास्त्री महान संत थे। समाज को ज्ञान की प्रेरणा देकर अध्यात्म के मार्ग का अनुसरण करने के लिए प्रेरित करने के साथ धर्म संस्कृति के प्रचार प्रसार में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। सभी को उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए मानव सेवा का संकल्प लेना चाहिए।

निर्मल अखाड़े के पूर्व सचिव महंत बलवंत सिंह ने कहा कि जिस प्रकार बहन विमला निर्मल पूर्व से आश्रम का सफल संचालन कर रही हैं। उसी प्रकार आश्रम की परमाध्यक्ष बनने के बाद ट्रस्टियों और भक्तजनों के सहयोग से संस्था को आगे बढ़ाएंगी ऐसा संत समाज को विश्वास हैं।

इस अवसर पर स्वामी बलराज मुनि, स्वामी श्रवण मुनि, गोपाल पुनेठा, महंत निर्भय सिंह, महंत अमनदीप सिंह, महंत बलवंत सिंह, महंत जमना दास, स्वामी शिवानंद भारती सहित बड़ी संख्या में संत महंत व श्रद्धालु जन उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/रामानुज

   

सम्बंधित खबर