मप्र: नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने मांगा शिवराज का बंगला, मुख्यमंत्री डॉ. यादव को लिखा पत्र

भोपाल, 24 जनवरी (हि.स.)। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस विधायक उमंग सिंघार ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को पत्र लिखा है। पत्र के माध्यम से उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के 74 बंगले में स्थित B-9 बंगला मांगा है। उन्होंने कहा कि इस बंगले से उनकी बुआ जमुना देवी की यादें जुड़ी हैं। इसलिए यह बंगला उन्हें दिया जाए। इस बंगले में शिवराज का दफ्तर संचालित होता है।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बुधवार को अपने पत्र में लिखा, 'शासकीय आवास नंबर B-9 बंगला मध्यप्रदेश की आदिवासी वर्ग की महान नेता और प्रदेश की पहली महिला उपमुख्यमंत्री स्वर्गीय जमुना देवी को नेता प्रतिपक्ष होने के नाते वर्षों तक आवंटित रहा है। वे आदिवासी समुदाय की नेता होने के साथ मेरी बुआ भी थीं। भावनात्मक रूप से इस शासकीय आवाज से मेरा लगाव भी है। मेरा अनुरोध है कि नेता प्रतिपक्ष होने के नाते मुझे यह शासकीय आवास आवंटित करने का कष्ट करें।' बता दें, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने जो बंगला मांगा है, फिलहाल उसमें अभी पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का दफ्तर संचालित होता है। इससे पहले यह बंगला खंडवा सांसद रहे स्वर्गीय नंदकुमार सिंह चौहान को आवंटित था।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा/मुकेश

   

सम्बंधित खबर