सर्वसमाज के बीच जाकर कार्यकर्ता बताएंगे बसपा सरकार की उपलब्धियां

- मंडलस्तरीय बसपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक

मीरजापुर, 24 जनवरी (हि.स.)। नगर के मुंहकुचवा स्थित बहुजन समाज पार्टी कार्यालय पर बुधवार को मंडलस्तरीय पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक पूर्व एमएलसी सुबोध राम की अध्यक्षता में हुई। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री डाॅ. अशोक कुमार गौतम एवं प्रभारी वाराणसी-मीरजापुर मंडल इंदल राम ने बाबा भीमराव अंबेडकर एवं काशीराम के चित्र पर माल्यार्पण किया।

मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री ने कहा कि फरवरी के बाद लोकसभा चुनाव की घोषणा कभी भी हो सकती है। राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के निर्देशानुसार बसपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता सर्वसमाज के बीच जाकर बसपा सरकार की 2007 से 2012 की उपलब्धियों को बताएं।

लोकसभा चुनाव की घोषणा से पहले बसपा के मंडल, जिला, विधानसभा सेक्टर और बूथ के पदाधिकारियों के पास मात्र चार महीने का समय शेष है। इन चार महीनों में प्रत्येक विधानसभा की दो-दो सेक्टरों को लेकर मंडल और जिला प्रभारी के नेतृत्व में प्रतिदिन कैंपेन चलाना है। इस अवसर पर मीरजापुर मंडल प्रभारी गुड्डूराम, शशिभूषण, रामलाल पाल, जिलाध्यक्ष मीरजापुर राजकुमार भारती, सोनभद्र बी सागर, भदोही शिवनारायण गौतम आदि ने अपने विचार व्यक्त किए।

हिन्दुस्थान समाचार/गिरजा शंकर/सियाराम

   

सम्बंधित खबर