प्रभु श्रीराम के भक्तों को दूसरी भक्ति अच्छी नहीं लगती : देवकीनंदन ठाकुर

लखनऊ, 24 जनवरी(हि.स.)। राजधानी लखनऊ के डीएवी कालेज प्रांगण में श्रीराम कथा करने आये कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर महाराज ने कहा कि प्रभु श्रीराम के भक्तों को दूसरी भक्ति अच्छी नहीं लगती है। भगवान की भक्ति में लीन होकर सब कुछ मिल जाता है।

देवकीनंदन ठाकुर ने कथा की शुरुआत करते हुए अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर की जानकारी दी और उपस्थित लोगों से प्रभु श्रीराम के दर्शन करने का आग्रह किया। उन्होंने कथा में प्रभु श्रीराम की महिमा का वर्णन किया। इससे पहले कथा के मुख्य यजमान एवं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और उनकी धर्मपत्नी नम्रता पाठक ने आरती उतारकर कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर का स्वागत किया।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम के आगमन पर लखनऊ के डीएवी कालेज में 24 जनवरी से एक फरवरी तक आध्यात्मिक गुरु और प्रसिद्ध कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर की अमृतमयी वाणी से भव्य राम कथा होगी। इस अवसर पर श्रीसीताराम यज्ञ का शुभारंभ भी होगा। लखनऊ के समस्त लोगों से आग्रह है, वे कथा सुनने के लिए पधारें और सुंदर कथा का श्रवण करें।

कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर के नेतृत्व में बुधवार की सुबह एक कलश यात्रा भी निकाली गयी। यह कलश यात्रा संस्कृत पाठशाला लालकुआं से शुरू होकर नाका होते हुए डीएवी काॅलेज पहुंची। जहां पर कलश लेकर चल रही महिलाओं ने कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर के साथ श्रीराम भजन एवं गीत का गायन किया।

हिन्दुस्थान समाचार/ शरद/सियाराम

   

सम्बंधित खबर