झांसी को बनाएंगे अयोध्या, 18 जनवरी को निकलेगी रामधुन यात्रा

जानकारी देते आयोजकजानकारी देते आयोजकजानकारी देते आयोजकजानकारी देते आयोजक

- कहा, अयोध्या नहीं जा सकते इसलिए झांसी को अयोध्या बनाना है

झांसी,16 जनवरी (हि.स.)। बुंदेलखंड कांवड़ यात्रा समिति झांसी द्वारा अयोध्या में श्री राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के शुभ अवसर पर झांसी में 18 जनवरी को रामधुन यात्रा का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम संयोजक भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष व बुंदेलखंड कावड़ यात्रा समिति के आयोजक संजीव श्रृंगीऋषि ने बताया कि 22 जनवरी को सब लोग अयोध्या नहीं जा सकते हैं, इसलिए हम सब 18 जनवरी को रामधुन यात्रा के माध्यम से झांसी को ही अयोध्या मिलकर बनाएंगे। रामधुन यात्रा में बाल हनुमान व अन्य स्वरूपों में बच्चों को समिति की ओर से नि:शुल्क मुगदर प्रदान किए जाएंगे। उक्त यात्रा में लगभग 5 से 10 हजार महिलाएं एवं इतने ही पुरुष राम भक्त शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि यह रामधुन यात्रा 18 जनवरी 2024 को दोपहर 12 बजे मां काली मंदिर बाहर लक्ष्मी गेट से प्रारंभ होकर मुरली मनोहर मंदिर, बड़ा बाजार, मानिक चौक, सराफा बाजार, गंदीगर टपरा, कोतवाली, पंचकुइयां, खंडेराव गेट, आशिक चौराहा से होकर मेंहदी बाग स्थित श्रीराम जानकी मंदिर पर संपन्न होगी।

बताया कि विशाल रामधुन यात्रा में लगभग 10-15 हजार राम भक्त झांसी की सड़कों पर रामधुन गाते हुए निकलेंगे। यात्रा का मुख्य आकर्षण अयोध्या में बने श्रीराम मंदिर का मॉडल रथ पर चलेगा एवं बड़े हनुमान जी जोकि हरियाणा हिसार से मंगवाए गए हैं। 10 फुट के हनुमान जी यात्रा का आकर्षक बनेंगे।

उन्होंने कहा कि समिति ने 05 हनुमान स्वरूपों की मांग की थी उसमें से केवल 03 ही मिल सके हैं। यात्रा में सभी मंदिरों के महंत एवं पीठाधीश्वर आगे-आगे चलेंगे। श्री राम मंदिर मॉडल के समीप लगभग 100 पंडित मंत्र उच्चारण के साथ चलेंगे यात्रा में महानगर के सभी परिवारों से बच्चों को बाल हनुमान, सुग्रीव, अंगद के स्वरूप में आमंत्रित किया गया है यह सभी मुगदर गदा लेकर यात्रा में आगे चलेंगे। रामधुन यात्रा में डीजे पर हमारे गायक रामधुन गाते हुए चलेंगे एवं इस्कॉन मंदिर की टीम पूरी टोली के साथ यात्रा में शामिल होगी। झांसी के सभी मंदिरों की रामधुन टीम वातावरण को राममय बनाएगी।

समिति ने आह्वान किया कि महानगर के सभी परिवारों से एक व्यक्ति इस यात्रा में अवश्य आए और अपने घरों से शंख, घंटा, मंजीरा, ढोलक आदि लेकर आवे। उन्होंने उन सभी कारसेवकों व उनके परिजनों को भी यात्रा में शामिल होने की अपील की। उन्होंने बताया कि करीब 15-20 कारसेवकों का सम्मान भी किया जाएगा।

पत्रकार वार्ता में आचार्य हरिओम पाठक, महापौर बिहारी लाल आर्य, आचार्य विनोद चतुर्वेदी व लल्लन महाराज समेत अभिषेक सोनकिया, आकाश पाण्डेय, संजीव लाला, रोहित गोटनकर, धीरज मिश्रा, सत्यम महाराज, पंकज शुक्ला, अमित महाराज पालर, कमल शर्मा, सोंटी नायक, निखिल नायक, सचिन मिश्रा, गौरव भार्गव आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/महेश /मोहित/राजेश

   

सम्बंधित खबर