वाराणसी : गंगा किनारे फहराया तिरंगा, बही देश प्रेम की गंगा

 गणतंत्र दिवस पर तिरंगा फहराते कांग्रेस जन

वाराणसी, 26 जनवरी (हि.स.)। धर्म नगरी काशी में गणतंत्र दिवस पर शुक्रवार को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा पूरी आन-बान-शान के साथ गंगा किनारे भी लहराया। सिंधिया घाट पर जहां डाल-डाल पर सोने की चिड़िया करती बसेरा', 'मर्यादा है इस देश की पहचान है गंगा' आदि गीतों की गूंज रही। वहीं, भारत माता की जय, जय हिंद , वंदे मातरम व आजादी के तराने गूंजे।

घाट पर नमामि गंगे और महर्षि योगी विद्याश्रम के वेदपाठी बटुकों ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर मां गंगा की आरती उतारी। राष्ट्रगान के पश्चात नागरिकों के साथ भारतवर्ष को तरक्की की ओर ले जाने का संकल्प लिया। इसके बाद मां भारती के जयकारों के बीच हाथों में तिरंगा लहराते बटुकों ने 'भारत मेरी जान है, भारत मेरी शान है, भारत मेरा अभिमान है' व हिंदुस्तान हमारा है.. हम सब ने ठाना है, आजादी को अमर बनाना है ' आदि नारे बुलंद किए।

इस दौरान बलिदानियों के व्यक्तित्व और कृतित्व का स्मरण किया गया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि स्वाधीनता संग्राम के भूले-बिसरे वीरों की गाथा जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ ही इस समयावधि में भारत को विश्व ने ठोस रूप से आगे बढ़ते देखा। श्री अन्न हो या संयुक्त राष्ट्र में योग दिवस, स्टार्टअप अर्थव्यवस्था हो या अंतरिक्ष अभियान, राम मंदिर हो या नई संसद, अविस्मरणीय रही यह अवधि।

वाराणसी में कांग्रेस ने पूरे उत्साह से गणतंत्र दिवस मनाया

कांग्रेस और सेवादल के कार्यकर्ताओं ने मैदागिन स्थित ऐतिहासिक टाउनहाल प्रांगण में पूरे उत्साह से गणतंत्र दिवस मनाया। घने कोहरे और ठंड के बीच सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर पूरे विधि विधान से राष्ट्रध्वज को सलामी देने के साथ महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने तिरंगा फहराया. तत्पश्चात टाउनहाल में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं मां कस्तूरबा की युग्म प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की गई।

इसके बाद मैदागिन स्थित कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में कांग्रेसजनों ने गणतंत्र दिवस पूरे धूमधाम से मनाया। पार्टी के जिला अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल ने झंडारोहण किया और संविधान रक्षा का संकल्प दिलाया। इसमें महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे,पार्षद दल नेता गुलशन अंसारी,प्रजानाथ शर्मा,दुर्गा प्रसाद गुप्ता,सेवादल जिलाध्यक्ष मनोज द्विवेदी,साज़िद अंसारी,डॉ जितेंद्र सेठ,राजेश गुप्ता, अशोक सिंह,देवेन्द्र सिंह,रवि भारती आदि ने भागीदारी की।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर

   

सम्बंधित खबर