विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने गांव का विकास जरूरी: शर्मा

पन्ना, 27 जनवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे गांव चलो अभियान को लेकर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार को पन्ना में कार्यशाला को संबोधित किया। पन्ना के एवरशाइन गार्डन में आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि गांव को विकसित किए बिना विकसित भारत के संकल्प को पूरा नहीं किया जा सकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में चलाए जा रहे विकसित भारत संकल्प को पूरा करने के लिए गांव को विकसित करना जरूरी है। भाजपा गांवों को विकसित बनाने के लिए राज्य सरकार के साथ केंद्र सरकार की गरीब कल्याण और जनहितैषी योजनाओं को अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए गांव चलो अभियान चला रही है।

24 घंटे गांव में रहेंगे पार्टी कार्यकर्ता

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गांव चलो अभियान के तहत पार्टी के कार्यकर्ता गांव में एक रात रहेंगे। प्रदेश के मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष से लेकर पार्टी के प्रदेश और जिला पदाधिकारी एक गांव में 24 घंटे रहेंगे। शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में कार्यकर्ता सबसे पहले होता है। इस अभियान के माध्यम से भाजपा विधानसभा चुनाव में हारे हुए बूथों को जीतने और जीते हुए बूथों पर 10 प्रतिशत वोट शेयर बढ़ाने को लेकर कार्य करेगी। गांव के सभी पात्र व्यक्तियों को केंद्र और राज्य सरकार की गरीब कल्याण और जनहितैषी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता 24 घंटे गांव में रहेंगे, रात भी गांव में रूकेंगे। इस दौरान गांव में होने वाली गतिविधियों को समझेंगे और ऐसे व्यक्ति जिनका नाम मतदाता सूची में किसी कारणवश छूट गया है, उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में सहयोग करेंगे। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों को मिल सके इसके लिए उनका नाम योजनाओं में जुड़वाने के लिए प्रयास करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/ केशव दुबे/मुकेश

   

सम्बंधित खबर