दंतेवाड़ा : अरनपुर विस्फोट में शामिल नक्सली की हुई मौत, कल ही पुलिस ने किया था गिरफ्तार

दंतेवाड़ा, 28 जनवरी (हि.स.)। जिले के अरनपुर में नक्सलियों द्वारा किये गये बम विस्फोट मामले में पुलिस ने एक नक्सली पोदिया माड़वी को कल शनिवार शाम 05 बजे गिरफ्तार किया था, जिसकी तबीयत खराब होने पर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान रात 12:30 बजे मौत हो गई है। गिरफ्तार नक्सली पोदिया माड़वी किस बीमारी से जूझ रहा था, यह अभी स्पष्ट नहीं है। उसकी मौत का कारण पोस्टमॉर्टम के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। उल्लेखनीय है कि 26 अप्रैल 2023 को अरनपुर बम विस्फोट में 10 जवानों और एक सिविलियन की मौत हुई थी। वर्ष 2023 की यह सबसे बड़ी नक्सली वारदात थी।

दंतेवाड़ा एसपी गौरव राय ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि अरनपुर विस्फोट मामले में आरोपित की पतासाजी के लिए अरनपुर थाना का बल गया हुआ था, जिसमें पोदिया माड़वी को शाम के लगभग 05 बजे हिरासत में लिया गया। हिरासत के पश्चात हमें पता चला कि उसकी तबीयत खराब है, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल दंतेवाड़ा में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान देर रात लगभग 12.30 बजे उसकी मौत हो गई। न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है। फिलहाल नक्सली की मौत का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/राकेश पांडे

   

सम्बंधित खबर