पलामू में 30 से 13 फरवरी तक चलेगा स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान

पलामू, 29 जनवरी (हि.स.)। उपायुक्त शशि रंजन की अध्यक्षता में सोमवार को स्पर्श कार्यक्रम टास्क फोर्स की बैठक उनके कार्यालय कक्ष में हुई। उपायुक्त ने कुष्ठ रोग से संबंधित मरीजों की जानकारी ली। वहीं कुष्ठ रोग से पीड़ित मरीजों के बेहतर इलाज़ के लिये संबंधितों को आवश्यक निर्देश दिये।

उन्होंने जिले में चिन्हित कुष्ठ रोग पीड़ितों को संबंधित सहिया से घर-घर जाकर दवा खिलाए जाने की बात कही। इसके लिये उन्होंने कुष्ठ निवारण पदाधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने जिले में लोगो को कुष्ठ रोग मुक्त बनाने के लिए 30 जनवरी से 13 फ़रवरी तक स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान व्यापक रूप से चलाने की बात कहीं। इस अभियान को सफल बनाने हेतु उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कई दिशा निर्देश दिए।

जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ विजय सिंह ने बताया कि सुन्न, दाग, धब्बों का ज्ञान ही कुष्ठ रोग की पहचान है। इस अभियान में कुष्ठ रोग के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए दीवार लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्विज प्रतियोगिता, जनसंदेश, पम्पलेट्स आदि के द्वारा लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 30 जनवरी का दिन स्पर्श डे के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में कुष्ठ जागरुकता के लिए जिला दण्डाधिकारी का संदेश पढ़ा जाएगा और सभी ग्राम सभाओं में ग्राम प्रधानों का संदेश उनके द्वारा पढ़ कर लोगों को सुनाया जाएगा।

अभियान के दौरान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के सभी सरकारी स्कूल, में प्राचार्य द्वारा अपने संस्थानों में कुष्ठ रोग से संबन्धित आम सवाल जवाब व भ्रांतियों पर चर्चा की जाएगी। बैठक में कुष्ठ निवारण पदाधिकारी ने बताया कि जिले में वर्तमान में कुल 512 कुष्ठ के मरीज़ हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप

   

सम्बंधित खबर