ग्वालियर: सांसद जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता एक से

ग्वालियर, 29 जनवरी (हि.स.)। सांसद (राज्यसभा) जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता एक से तीन फरवरी तक फूलबाग मैदान पर आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता में सात खेल विधाओं में खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता का उदघाटन एक फरवरी को ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर करेंगे। अपर कलेक्टर टीएन सिंह ने सोमवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों और खेल प्रतियोगिता से जुड़े जनप्रतिनिधियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

बैठक में एसडीएम ग्वालियर सिटी अतुल सिंह, भगवत सहाय महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष रामअवतार सिंह बैस, जिला ओलंपिक संघ के पदाधिकारी शिववीर सिंह भदौरिया, डीपीसी रविन्द्र तोमर तथा खेल विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

बैठक में जानकारी दी गई कि इस प्रतियोगिता में 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। जिसमें कबड्डी, खो-खो, बॉलीबॉल, रस्सा-कस्सी, पॉवर लिफ्टिंग व पारंपरिक खेल सितौलिया खेल प्रतियोगितायें होंगीं।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद/नेहा

   

सम्बंधित खबर