भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा के बाद भाजपा यूपी की सभी 80 सीटें जीतेगी - ब्रजेश पाठक

जालौन, 29 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक सोमवार को जालौन पहुंचे। यहां पर वह केंद्रीय राज्यमंत्री भानु प्रताप वर्मा की पत्नी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त किया। इस मौके पर पत्रकारों से धर्म नगरी अयोध्या के बारे में कहा कि अयोध्या विश्व स्तरीय नगर के रूप में विकसित हो रहा है। रामायण रिसर्च सेंटर एवं रामायण संग्रहालय भी अयोध्या में बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सड़कों के फोरलेन किए जाने के साथ अंतरराष्ट्रीय मानकों के तौर पर अयोध्या को विकसित किया जा रहा है। पूरे देश में भाजपा की लहर चल रही है। गरीब आदमी का जीवन स्तर मजबूत हो रहा है। विपक्ष और समाजवादी पार्टी के पास कहने के लिए कुछ नहीं बचा है। सपा कार्यकाल में गुंडों और मवालियों का राज था। भाजपा सरकार में शांति और भयमुक्त माहौल स्थापित है। भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के बाद इस बार 80 की 80 लोकसभा सीट जीतेंगे और तीसरी बार फिर से सरकार बनाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/ विशाल/दिलीप

   

सम्बंधित खबर