प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने प्रदर्शित किए प्रोजेक्ट और मॉडल

> यू. एस. ओस्वाल इंग्लिश एकेडमी का आयोजन

मुंबई, 30 जनवरी, (हि. स.)। यू.एस. ओस्वाल इंग्लिश एकेडमी नालासोपारा (पूर्व) के प्रांगण में ''इंसिपिरेशन इन द एग्जीबिशन'' प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह प्रदर्शनी विज्ञान और प्रौद्योगिकी के बारे में जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। शहर के कई शीर्ष विद्यालयों के विद्यार्थियों ने इसमें भाग लिया और अपने प्रोजेक्ट और मॉडल प्रदर्शित किए। विधायक हितेंद्र ठाकुर, पूर्व सभापति भरत मकवाना, एकेडमी की सीईओ श्रीमती लॉरेन मैडम, प्रशांत वासव, प्रधानाचार्या श्रीमती कविता दूबे, राजेश वर्मा, रामलाल कनौजिया, पंडित महेंद्र शर्मा, विनय तिवारी ने संयुक्त रूप से सरस्वती पूजा, दीप प्रज्ज्वलन और रिबन काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। विज्ञान प्रदर्शनी की शुरुआत छोटे बच्चों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों से की गई। प्रदर्शित मॉडलों और परियोजनाओं को विज्ञान और पर्यावरण केंद्र की एक टीम द्वारा रचनात्मकता, नवाचार, वैज्ञानिक योग्यता और व्यावहारिक अनुप्रयोग के मापदंडों पर परखा गया। सुबह 10.30 बजे से शाम 4 बजे तक चली इस विज्ञान प्रदर्शनी में नृत्य, लेझिम तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। अतिथियों ने बच्चों को पढ़ाई के साथ विज्ञान क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। मुख्य अतिथि विधायक हितेंद्र ठाकुर ने प्रदर्शनी की सराहना की। बच्चों का मनोबल बढ़ाने में उनके शिक्षक और शिक्षिकाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रदर्शनी में विज्ञान प्रदर्शनी को प्रथम, सामाजिक शास्त्र प्रदर्शनी और गणित पर आधारित प्रदर्शनी को द्वितीय और अंग्रेजी विषय पर आधारित प्रदर्शनी को तृतीय स्थान मिला। प्रदर्शनी का समापन प्रतिभागियों को अतिथियों तथा प्रधानाचार्या श्रीमती कविता दूबे द्वारा पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। सभी विजेताओं को ट्राॅफी प्रदान की गईं। प्रतिभागियों को प्रतिभागिता प्रमाणपत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। विज्ञान प्रदर्शनी को सफल बनाने में सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और एकेडमी के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार

   

सम्बंधित खबर