ग्वालियर: ग्वालियर-चंबल में गुरुवार से बारिश की संभावना

ग्वालियर, 31 जनवरी (हि.स.)। अगले 24 घंटे में मौसम बदल सकता है। हिमालय में मौजूद पश्चिमी विक्षोभ सहित देश के विभिन्न भागों में सक्रिय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से फरवरी के पहले दिन ग्वालियर-चंबल संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।

स्थानीय मौसम विज्ञानी हुकुम सिंह ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ हिमालय में मौजूद है जबकि दूसरा पश्चिमी विक्षोभ बुधवार की रात हिमालय में पहुंचने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी राजस्थान एवं बिहार में चक्रवात बने हुए हैं। उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत के वायु मंडल में पश्चिम से पूर्व की ओर तेज हवाएं बह रही हैं जिसे जेट स्ट्रीम कहा जाता है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से अगले 24 घंटे के दौरान मौसम बिगड़ सकता है। यानी गुरुवार को ग्वालियर-चंबल संभाग में घने बादल छाने के साथ-साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इसी क्रम में तीन फरवरी को हिमालय में एक और पश्चिमी विक्षोभ आएगा। ऐसे में न्यूनतम तापमान में फिलहाल गिरावट की संभावना नहीं है। यदि बारिश हुई तो उसके बाद घना कोहरा भी देखने को मिल सकता है। मौसम शुष्क होने के बाद हवाओं का रुख उत्तरी हो जाएगा। जिससे अंचल में एक बार फिर शीतलहर की स्थिति निर्मित हो सकती है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में बुधवार को अधिकतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 1.0 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान भी 2.7 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 4.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। बुधवार सुबह हवा में नमी 95 और शाम को 70 प्रतिशत दर्ज की गई।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद

   

सम्बंधित खबर