मप्रः राजस्व महाअभियान में 15 दिन में एक लाख 24 हजार प्रकरणों का निराकरण

भोपाल, 1 फरवरी (हि.स.)। राजस्व महाअभियान में पन्द्रह दिन में एक लाख 24 हजार, राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया गया है। राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा संभाग और जिलों में पहुंचकर महाअभियान की समीक्षा कर रहे हैं। राजस्व महाअभियान के प्रारंभ में राजस्व मंत्री वर्मा ने वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से कलेक्टर एवं अन्य अधिकारियों को राजस्व प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिये गये थे।

राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव निकुंज श्रीवास्तव ने गुरुवार को उक्त जानकारी देते हुए बताया कि 15 जनवरी से शुरू हुआ राजस्व महाअभियान 29 फरवरी तक चलेगा। इस महाअभियान में नामांतरण, वटवारा, सीमांकन और अभिलेख दुरुस्ती के 2 लाख 44 हजार 352 राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लक्ष्य के विरुद्ध 31 जनवरी तक एक लाख 24 हजार प्रकरणों का निराकरण किया गया है। निराकृत प्रकरणों में 89718 नामांतरण के, 15082 बटवारा प्रकरण के, 14657 सीमांकन के और 4554 प्रकरण अभिलेख दुरुस्ती के शामिल है। नामांतरण प्रकरणों के निराकरण में सीहोर, शिवपुरी, अनूपपुर ,देवास और ग्वालियर, बटवारा प्रकरण में शिवपुरी, झाबुआ, खरगोन, मंडला, देवाम सीमांकन प्रकरण में दतिया, पांडूर्णा, शिवपुरी, अशोकनगर ग्वालियर और अभिलेख दुरुस्ती में खण्डवा, अलीराजपुर, उज्जैन, छिंदवाड़ा एवं सीहोर जिला का कार्य उल्लेखनीय रहा है।

प्रमुख सचिव ने बताया कि राजस्व महाअभियान के दौरान अब तक लगभग एक लाख प्रकरण दर्ज किए गए है। जिनका त्वरित निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया राजस्व महाअभियान के कार्यों की सतत् निगरानी के लिये डैशबोर्ड का संचालन राजस्व विभाग द्वारा किया जा रहा है, जिससे राज्यस्तर, जिलास्तर एवं तहसीलस्तर पर किये जा रहे कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

   

सम्बंधित खबर