डोटासरा, रंधावा ने बीकानेर लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में फूंकी जान

बीकानेर, 2 फ़रवरी (हि.स.)। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के निर्देशानुसार बीकानेर लोकसभा क्षेत्र का कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम शुक्रवार को सूरज टाकीज में यशपाल गहलोत, बिसनाराम सियाग की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।

कांग्रेस के राज्य प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि बीकानेर लोकसभा सीट कांग्रेस की रही है और जो आंकड़ा है वो बताता है कि हम ये लोकसभा चुनाव जीत रहे है। बस आप सभी को पुरानी बातों को भूलकर एकजुटता से चुनाव में जो भी प्रत्याशी हो उसको जीताना है। नसीहत देते हुए रंधावा ने कहा कि कोई एक व्यक्ति ये मुगालता ना पाले की अगर वो है तो कांग्रेस है, अगर कांग्रेस है तो सबका वजूद है। लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रति सच्ची लगन से कार्य करने वाले व्यक्ति को संगठन में अवश्य मौका दिया जाएगा।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कांग्रेस पार्टी का विचार उसकी नीति और कार्यशेली बहुत मजबूत है बस पार्टी की मजबूती के लिए आप सभी कमर कस कर मेहनत करे और यकीन मानिए जो व्यक्ति पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा नही रखेगा उसको कांग्रेस में कोई तव्वजो नही मिलेगी। बीकानेर कांग्रेस का गढ़ रहा है आप सभी इस बार इस सीट पर पुनः पार्टी को जिताने का कार्य करे।

जिला संगठन महासचिव नितिन वत्सस ने बताया कि आज का कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम की शुरुआत से पहले प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, सुखजिंदर सिंह रंधावा, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित सभी वरिष्ठ नेताओं ने मोहनलाल सुखाडिया की पुण्यतिथि पर उनके तेल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। तत्पश्चात बिसनाराम सियाग, यशपाल गहलोत ने स्वागत उद्बोधन दिया।

संगठन महासचिव प्रहलाद सिंह मार्शल ने बताया की मंच पर पूर्व मंत्री डॉ.बुलाकीदास कल्ला, जिला प्रमुख मोडाराम मेघवाल, प्रदेश महासचिव लोकसभा प्रभारी फुसाराम गोदारा, प्रदेश महासचिव जिया उर रहमान आरिफ, प्रदेश महासचिव गजेंद्र सिंह सांखला, मंगलाराम गोदारा, गोविंदराम मेघवाल, डॉ राजेंद्र मुंड, भवर सिंह भाटी, मदनगोपाल मेघवाल, महेंद्र गहलोत, लक्ष्मण कड़वासरा मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/राजीव/संदीप

   

सम्बंधित खबर