छत्तीसगढ़ में धान खरीद का लक्ष्य पहले ही हो चुका है पूरा

रायपुर, 3 फ़रवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य के किसानों के हित में एक बड़ा फैसला लेते हुए समर्थन मूल्य पर धान खरीद की अवधि चार फरवरी तक बढ़ा दी है।छत्तीसगढ़ में दिनों दिन धान खरीद का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। लक्ष्य पहले ही पूरा हो चुका है।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि धान बेचने से शेष रह गये किसान अब आसानी से अपना धान बेच सकेंगे। आज शनिवार 03 फरवरी एवं रविवार 04 फरवरी को भी उपार्जन केन्द्रों में धान की खरीद सामान्य दिनों की तरह बेच सकते हैं।

राज्य सरकार द्वारा अब तक किसानों से 144.38 लाख मीट्रिक टन धान की समर्थन मूल्य पर रिकार्ड खरीद की जा चुकी है। धान उपार्जन के एवज में किसानों को 30 हजार 68 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का भुगतान बैंक के माध्यम से किया गया है।

मार्कफेड के महाप्रबंधक से प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य में समर्थन मूल्य पर अब तक 24 लाख 68 हजार 314 किसानों से 02 फरवरी 2024 तक 144 लाख 38 हजार 552 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। धान खरीद के साथ-साथ कस्टम मिलिंग के लिए निरंतर धान का उठाव जारी है। अब तक 104 लाख 16 हजार 117 मीट्रिक टन धान के उठाव के लिए डीओ जारी किया गया है, जिसके विरुद्ध मिलर्स द्वारा 95 लाख 83 हजार 718 मीट्रिक टन धान का उठाव किया जा चुका है।

हिन्दुस्थान समाचार/ चंद्रनारायण शुक्ल

   

सम्बंधित खबर