दस वर्षों में महिलाएं हुई सशक्त-सीमा द्विवेदी

जौनपुर, 04 फरवरी (हि.स.)। भाजपा सरकार की उपलब्धि को गिनाते हुए राज्य सभा सदस्य सीमा द्विवेदी ने रविवार को डाकबंगले में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि पिछले दस वर्षों में देश की महिलाएं सशक्त हुई हैं। उन्होंने कहा कि 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं, देश में हवाई अड्डों की संख्या दोगुनी हो गई है और ग्रामीण क्षेत्रों में चार लाख किलोमीटर नई सड़कें बनाई गई हैं। मेट्रो रेल सेवाएं 20 शहरों तक पहुंच गई हैं जो पहले केवल पांच शहरों तक केंद्रित थीं, जबकि वंदे भारत रेलगाडियां 39 मार्गों पर चल रही हैं।

उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत देश की ताकत बन गए हैं और भारत मोबाइल फोन के दूसरे सबसे बड़े निर्यातक के रूप में उभरा है। भारत शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है। वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत लगातार दो तिमाही से सबसे तेजी से विकास करने वाली अर्थव्यवस्था बना है , भारत की विकास दर 7.5% से अधिक रही है। एक महत्वपूर्ण उपलब्धि यह थी कि भारत, चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर झंडा फहराने वाला पहला देश बना। भारत की मजबूत वैश्विक स्थिति ऐतिहासिक जी-20 शिखर सम्मेलन के सफलतापूर्वक आयोजन में स्पष्ट रूप से देखी गयी।

आधारभूत संरचनाओं का तेजी से विकास हो रहा है और इस क्रम में ही अटल सेतु का निर्माण हुआ। देश को वंदे भारत तथा अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेने मिली हैं। तीन दशक के इंतजार के बाद पारित हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम की सराहना करते हुए कहा कि इससे विधानसभा और लोकसभा में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित हुई है।

सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि कोई भी राष्ट्र, तेज गति से तभी आगे बढ़ सकता है, जब वह पुरानी चुनौतियों को परास्त करते हुए अपनी ज्यादा से ज्यादा ऊर्जा भविष्य-निर्माण में लगाए। पिछले 10 वर्षों में, भारत ने राष्ट्र हित में ऐसे अनेक कार्यों को पूरा होते हुए देखा है जिनका इंतजार देश के लोगों को दशकों से था। राम मंदिर के निर्माण की आकांक्षा सदियों से थी, आज यह सच हो चुका है। जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 इतिहास हो चुका है। तीन तलाक के विरुद्ध कड़ा कानून बनाया गया है। शरणार्थियों को नागरिकता देने के लिए नया कानून बनाया गया है। वन रैंक और वन पेंशन लागू की है जिसकी लंबे समय से मांग की जा रही थी। सेना में सी.डी. एस. की नियुक्ति की है। सरकार ने सुशासन और पारदर्शिता को हर व्यवस्था का मुख्य आधार बनाया है। इसी का परिणाम है कि हम बड़े आर्थिक सुधारों के साक्षी बने हैं। देश को जी.एस.टी. के रूप में एक देश एक टैक्स कानून मिला है।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, जिला उपाध्यक्ष संदीप सरोज, जिला मीडिया प्रभारी आमोद सिंह,जिला महामंत्री किसान मोर्चा इंद्रसेन सिंह, जिला उपाध्यक्ष किसान मोर्चा घनश्याम यादव, जिला उपाध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा अवधेश सोनकर आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/रवीन्द्र कुमार

/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर