वर्तमान समय आरोही द्वापर युग का : सत्यम योगी

-माघ मेले के अक्षयवट मार्ग पर क्रियायोग शिविर का हुआ उद्घाटन

प्रयागराज, 04 फरवरी (हि.स.)। माघ मेला के अक्षयवट मार्ग पर रविवार को क्रियायोग शिविर का उद्घाटन संस्था के गुरूदेव स्वामी सत्यम योगी ने किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय आरोही द्वापर युग है। अब पूरी मानव जाति के भाग्य का द्वार खुल गया है। हम प्रयाग के कुम्भ मेला क्षेत्र; तीन पावन नदियों के संगम तट पर बैठे हैं। जहां प्रतिवर्ष विश्व के सबसे बड़े आध्यात्मिक समूह का आयोजन होता है।

उन्होंने भक्तों को सम्बोधित करते हुए कहा कि सर्वश्रेष्ठ आध्यात्मिक राष्ट्र भारत को एक आदर्श राष्ट्र बनाये, जहां किसी को डर-भय का अनुभव न हो। पावन भारत भूमि पर आध्यात्मिक शक्ति युक्त शांति का पूर्ण वातावरण बनाए, जहां हथियारों को बनाना, बेचना व खरीदना निंदनीय कार्य हो और सभी की सुरक्षा ईश्वरीय प्रेम से हो।

गुरूदेव सत्यम् योगी ने क्रियायोग पर प्रकाश डालते हुए आगे कहा कि मृत्युंजय महावतार बाबाजी ने अपने अति विनम्र और अध्यात्म की उच्चतम अवस्था पर आसीन शिष्य योगवातार लाहिड़ी महाशय को ’क्रियायोग’ प्रदान किया। अब ज्ञान का द्वार खुल गया है। क्रियायोग के अभ्यास से एक ही जन्म में मनुष्य अज्ञानता से मुक्त होकर परमसत्य (कैवल्य अवस्था) का दर्शन कर अनुभव करता है कि परब्रह्म स्वयं पूरे ब्रह्मांड के रूप में प्रकाशित हो रहे हैं। ऐसी स्थिति में स्पष्ट होता है कि मृत्यु व मृत्युलोक का अस्तित्व नहीं है। केवल जीवन, आनंद एवं अमरता का अस्तित्व है। अगर मनुष्य उपरोक्त क्रियायोग सिद्धान्त का अभ्यास करता है तो उसे अनुभव होता है कि कुछ भी असम्भव नहीं है।

इस अवसर पर उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के अवकाश प्राप्त न्यायाधीश राजेश कुमार ने क्रियायोग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि क्रियायोग एक पूर्ण विज्ञान है, जिसकी शिक्षा को ग्रहण करने पर मनुष्य सभी प्रकार के कष्टों से मुक्त हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि गुरुदेव स्वामी योगी सत्यम के सानिध्य में क्रियायोग उसी विस्तार को प्राप्त होगा जैसे परमहंस योगानंदजी द्वारा सम्भव हुआ।

इस अवसर पर भारत के अनेक प्रदेशों के साथ साथ कनाडा, अमेरिका, स्विट्ज़रलैंड, ब्राज़ील, यूरोप, सिंगापुर, आयरलैंड, इटली, स्कॉटलैंड, नेपाल, यूक्रेन आदि देशों के लोंगो ने भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्याकान्त/आकाश

   

सम्बंधित खबर