प्रधानमंत्री मोदी 22 फरवरी को मातृ शक्ति वंदन से जुड़े महिलाओं से करेंगे संवाद

भाजपा का जिला स्तर पर शक्ति संवाद कार्यक्रम 10 फरवरी से

वाराणसी,06 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 10 फरवरी को जिला स्तर पर शक्ति संवाद कार्यक्रम आयोजित करेगी। इसमें महिला एनजीओ के प्रमुख, शिक्षा स्वास्थ्य सहकारी समितियां, कृषि, लीगल, पर्यावरण, स्किल, के क्षेत्र में काम करनेवाले प्रतिनिधि भाग लेंगे। इस कार्यक्रम के लिए मंगलवार को रोहनिया स्थित पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय में जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में पार्टी के काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कार्यकर्ताओं को बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह योजना चलाई है। केंद्र सरकार की चल रही लखपति दीदी योजना से भी प्रदेश की महिलाओं को मदद मिलेगी।

क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया कि10 फरवरी को आयोजित जिला स्तर पर शक्ति संवाद कार्यक्रम में एनजीओ के प्रमुख, स्वयं सहायता समूह के अध्यक्ष, सचिव और जिले के सभी प्रतिनिधि एवं जिले के पदाधिकारी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि 11, 12, 13 और 14 फरवरी को विधानसभा स्तर पर कार्यक्रम सीआरपीबी (सामुदायिक रिसोर्स पर्सन ग्रामीण संगठन) में एनजीओ प्रमुख सम्मान समारोह होगा। यहां प्रतिभागियों को एक शक्ति वंदन किट प्रदान की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जहां पार्टी के विधायक नहीं हैं वहां पर एमएलसी से मिलकर कार्यक्रम निर्धारित होंगे। स्वयं सहायता समूह से संपर्क 12 से 21 फरवरी के मध्य किया जाएगा। इसमें मंडल के समस्त स्वयं सहायता समूह की बहनों से व्यक्तिगत संपर्क करना है। जिला, मंडल अभियान टोली की सूची बनाकर पत्र के साथ संपर्क करते हुए केंद्र प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर भी चर्चा करना है।

क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि शक्ति वंदन अभियान के तहत 22 फरवरी को मंडल स्तर पर एलईडी लगाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्चुअल माध्यम से होने वाले लाइव प्रसारण को सुना जाएगा। 25 एवं 26 फरवरी को प्रत्येक जिले में एनजीओ प्रमुखों का एक सम्मेलन किया जाएगा।

कार्यशाला में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मोर्या, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष विनिता सिंह, संजय सोनकर, प्रवीण सिंह गौतम, जेपी दूबे, नवरतन राठी सहित जिले,मंडल की महिला मोर्चा की पदाधिकारी, विभिन्न समाज सेवी संस्थाओं से जुड़ी महिलाओं ने भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/राजेश

   

सम्बंधित खबर