प्रभु श्रीराम के आदर्शों के अनुरूप विद्यालयों को ज्ञान का मंदिर बनाएं : नृत्य गोपालदास महाराज

--ठाकुर हर नारायण सिंह का जीवन शिक्षा एवं समाज के प्रति समर्पित रहा : प्रो. रीता जोशी

प्रयागराज, 07 फरवरी (हि.स.)। ठाकुर हरनारायण सिंह पीजी कॉलेज में ठाकुर हरनारायण सिंह की प्रतिमा का अनावरण श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपालदास महाराज के कर-कमलों से हुआ। उन्होंने आशीर्वचन देते हुए कहा कि आज हमें प्रभु श्रीराम के आदर्शों के अनुरूप अपने विद्यालयों को अब ज्ञान का मंदिर बनाना है। श्रीराम के जीवन चरित्र से हमें शिक्षित होना होगा, जिससे आने वाले भविष्य में हम राम राष्ट्र की स्थापना कर सकें।

उन्होंने आगे कहा कि हमारी सनातन संस्कृति में विद्यालय को माता सरस्वती का ज्ञान का मंदिर मानता है। क्योंकि इस मंदिर के माध्यम से ही राष्ट्र निर्माण की नींव रखी जाती है। जिससे देश का भविष्य निर्मित होता है। उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के युग में शिक्षा के प्रांगण स्थल को हम ज्ञान के मंदिर के रूप में जानते थे। जिसे आज साकार करने का अवसर है।

इस अवसर पर सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने ठाकुर हर नारायण सिंह के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ठाकुर हर नारायण सिंह का जन्म 4 सितम्बर 1911 को कानपुर जिले के शिवराजपुर ग्राम में हुआ था और उनकी शिक्षा कानपुर जिले में हुई। 1934 में रेलवे विभाग में नियुक्त हुए और 1966 तक उन्होंने रेलवे विभाग की सेवा की। उनका भारतीय संस्कृति और साहित्य से विशेष लगाव रहा और सांस्कृतिक कार्यों में बढ़-चढकर हिस्सा लेते रहे। उनकी जीवन यात्रा आम जनमानस के लिए आदर्श भरे मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने अपना सारा जीवन समाज को शिक्षित करने के लिए समर्पित कर दिया। ठाकुर हरनारायण सिंह के सपनों को उनके सुपुत्र ठाकुर देवेंद्र सिंह चंदेल और प्रपौत्र ठाकुर उदय प्रताप सिंह उनके आदर्शों पर चलकर साकार कर रहे हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आयोजक ठाकुर उदय प्रताप सिंह एवं कॉलेज के संस्थापक देवेंद्र सिंह चंदेल ने महंत नृत्य गोपालदास महाराज एवं सांसद रीता बहुगुणा जोशी और महायज्ञ में शामिल सभी पूज्य संतों को श्री राम मंदिर का प्रतीक चिन्ह समर्पित कर उन्हें सम्मानित किया और आशीर्वाद लिया।

मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि ठाकुर हर नारायण सिंह ग्रुप ऑफ कॉलेज द्वारा आयोजित श्रीराम महायज्ञ के अंतिम दिवस पर पूर्ण आहुति पूरे विधि विधान के अनुसार की गई। ठाकुर उदय प्रताप सिंह पीजी कॉलेज का फाउंडेशन डे 8 फरवरी को शाम 5 बजे से सेलिब्रेशन के रूप में कॉलेज परिसर में मनाया जाएगा। इस अवसर पर गोल्डन गर्ल्स डांस ग्रुप अपनी प्रस्तुति करेंगे और मोटिवेशन एक्सपर्ट अवध ओझा एवं लाइव कंसर्ट अमित मिश्रा अपने प्रोग्राम की प्रस्तुति करेंगे। कार्यक्रम का संचालन आभा मधुर श्रीवास्तव एवं अभिषेक ठाकुर ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त

   

सम्बंधित खबर