24 फरवरी को जिला स्तर पर संत रविदास जयंती मनाएगा भाजपा अजा मोर्चा : लालसिंह आर्य

भोपाल, 8 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा 24 फरवरी को संत रविदास जी की जयंती प्रदेश भर में जिला स्तर पर मनाई जाएगी। 25 फरवरी और 24 मार्च को प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को अनुसूचित जाति मोर्चा बूथ स्तर पर आयोजित करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्रदेश सरकार अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। यह बात भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने गुरूवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक को पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व अजा मोर्चा के प्रदेश प्रभारी पंकज जोशी और प्रदेश अध्यक्ष कैलाश जाटव ने भी संबोधित किया।

भाजपा ने डॉ. अंबेडकर को सम्मान देने का कार्य किया

अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आर्य ने कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को कांग्रेस पार्टी ने कभी सम्मान नहीं दिया। भाजपा सरकार ने बाबा साहब के जन्म स्थान महू, शिक्षा भूमि लंदन, दीक्षा भूमि नागपुर, महापरिनिर्वाण भूमि दिल्ली और चैत्य भूमि मुंबई को पंचतीर्थ बनाकर डॉ. भीमराव अंबेडकर को सम्मान देने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने 100 करोड़ की लागत से सागर जिले में संत रविदास मंदिर बना रही है। आर्य ने कहा कि अजा मोर्चा द्वारा छात्रावास संपर्क, बस्ती संपर्क अभियान में प्रदेश पदाधिकारियों की सहभागिता सुनिश्चित कर आयोजन किए जाना चाहिए। 25 फरवरी और 24 मार्च को प्रसारित होने वाले प्रधानमंत्री जी के मन की बात कार्यक्रम के प्रसारण के दौरान अजा मोर्चा बूथ स्तर तक समाज के लोगों को एकत्रित करने का कार्य करेगा।

करणीय कार्यों को समय पर संपन्न कराएं: पंकज जोशी

पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व अजा मोर्चा के प्रदेश प्रभारी पंकज जोशी ने बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश पदाधिकारियों से जिलों में मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों के प्रवास के संबंध में जानकारी लेते हुए कहा कि प्रदेश पदाधिकारी करणीय कार्यों को समय सीमा में संपन्न कराएं।

मोर्चा के राष्ट्रीय अधिवेशन में सहभागिता करना है: डॉ. कैलाश जाटव

बैठक की अध्यक्षता करते हुए मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन सरकार अनुसूचित जाति वर्ग के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। नागपुर और आगरा में मोर्चा के राष्ट्रीय अधिवेशन होने वाले हैं। मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी उक्त दोनों स्थानों पर आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन में मोर्चा के अपेक्षित कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/ केशव दुबे/मुकेश

   

सम्बंधित खबर