मुख्यमंत्री शनिवार को ब्रह्माकुमारीज़ मुख्यालय शांतिवन में एक्सपो का उद्घाटन कर डायमंड हाल में सभा को करेंगे संबोधित

सिरोही, 9 फ़रवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को पहली बार आबू रोड आएंगे। वे हेलीकॉप्टर से मानपुर हवाई पट्टी पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग द्वारा शांतिवन आएंगे। पहली बार आगमन पर मुख्यालय के गेट पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद ब्रह्माकुमारीज़ के मेडिकल विंग, कृषि एवं ग्राम विकास विंग, जल जन अभियान के एक्सपो का उद्घाटन करेंगे। सीएम के आगमन को लेकर शुक्रवार को शांतिवन में दिनभर अधिकारियों का दौरा चलता रहा।

एडिशनल एसपी बृजेश सोनी ने पुलिस अधिकारियों के साथ सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर बारीकी से एक-एक बिंदु पर निरीक्षण करते हुए जरूरी निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को सुरक्षा को लेकर अलर्ट रहने के लिए कहा। मुख्यमंत्री के रोड मैप को भी फाइनल किया गया। आबू रोड एसडीएम बीरमाराम ने अधिकारी-कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान अलर्ट रहने के निर्देश दिए। साथ ही ब्रह्माकुमारीज़ के पदाधिकारियों के साथ आयोजन को लेकर जानकारी ली।

ब्रह्माकुमारीज़ के कार्यकारी सचिव बीके डॉ. मृत्युंजय भाई ने बताया कि नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आगमन को लेकर ब्रह्माकुमारीज़ परिवार में हर्ष का माहौल है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर खास तैयारियां की जा रही हैं। उनका संस्थान में नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। इसके बाद वह जल जन अभियान, गोकुल गांव- सर्वांगीण विकास अभियान और श्रीअन्न मिलेट्स अभियान के एक्सपो का शुभारंभ करेंगे। डायमंड हॉल में आयोजित स्वर्णिम राजस्थान कार्यक्रम में संबोधित करेंगे।वहीं भाजपा के जिलाध्यक्ष सुरेश कोठारी ने अन्य नेताओं के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा को फाइनल आकार दिया।

मुख्यमंत्री का मिनट टू मिनट कार्यक्रम

-10 बजे सुबह मानपुर हवाई पट्टी पर उतरेंगे सीएम

-10.15 बजे शांतिवन आएंगे, यहां एक्सपो का उद्घाटन करेंगे

-10.30 बजे डायमंड हॉल में आयोजित स्वर्णिम राजस्थान कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।

-11.30 बजे से कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित भारतीय मजदूर संघ के 25वें वार्षिक अधिवेशन में भाग लेंगे

-1.10 बजे मनमोहिनीवन के ग्लोबल ऑडिटोरियम में आयोजित भाजपा की जिला कार्यकारिणी की बैठक में भाग लेंगे।

-2.30 बजे दोपहर में आबू रोड मानपुर हवाई पट्टी पहुंचेंगे जहां से जयपुर के लिए रवाना हो जाएंगे

एक्सपो में रहेगी इनकी प्रदर्शनी

मेडिकल विंग : मेडिकल विंग द्वारा मार्च 2023 से देशव्यापी नशामुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अब तक देश के 28 राज्यों में सात हजार से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। लाखों लोग अभियान से जुड़कर नशामुक्ति का संकल्प ले चुके हैं। व्यापक स्तर पर अभियान को लेकर लोगों की सराहना मिल रही है। अभियान के तहत राजस्थान सहित देश के अन्य प्रदेशों में की गई सेवाओं की झलक दिखाई जाएगी।

कृषि एवं ग्राम विकास प्रभाग : कृषि एवं ग्राम विकास प्रभाग द्वारा राजस्थान सहित देश के अन्य प्रदेशों में गोकुल गांव- सर्वांगीण विकास अभियान चलाया जाएगा। इसका शुभारंभ भी मुख्यमंत्री करेंगे। अभियान के तहत गांवों में ग्रामीणों को स्वच्छता से लेकर जैविक-यौगिक खेती, जैविक खाद निर्माण, नशामुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक स्वास्थ्य, राजयोग मेडिटेशन को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गांवों के सर्वांगीण विकास का रोडमेप तैयार किया जाएगा। एक्सपो में प्रभाग द्वारा किसानों के लिए की जा रही सेवाओं की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

जल जन अभियान : संस्थान द्वारा जल संरक्षण और प्राचीन कुआं, बावड़ी, तालाब के जीर्णोद्धार, संरक्षण के लिए चलाए जा रहे जल जन अभियान के तहत नए सेवा कार्यों का शुभारंभ भी मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा। अब तक देश के अलग-अलग कोने में ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा तालाब, कुओं को जीर्णोद्धार किया गया है। तालाबों को गोद लेकर उन्हें संवारा गया है। भविष्य में भी राजस्थान में जल जन अभियान को गति देने के लिए कार्ययोजना बनाई गई है।

श्रीअन्न मिलेट्स अभियान : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आहृान पर देशभर में श्रीअन्न (मिलेट्स) को बढ़ावा देने के लिए सामाजिक संस्थाओं से लेकर सरकारी स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। इसे देखते हुए ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान ने भी श्रीअन्न के उपयोग के बढ़ावा देने के लिए कार्ययोजना बनाई है। इसके तहत श्रीअन्न मिलेट्स अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत लोगों को प्रैक्टिकल में श्रीअन्न से बने व्यंजन बनाना सिखाया जाएगा। उन्हें श्रीअन्न का महत्व बताया जाएगा। अभियान को लेकर भी एक्सपो में प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर