ग्राम परिक्रमा यात्रा करेंगे किसान मोर्चा के पदाधिकारी

लखनऊ, 09 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के पदाधिकारी ग्रामों एवं शहरांे के प्रत्येक मोहल्लों में ग्राम परिक्रमा यात्रा करेंगे। इस दौरान 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसानों एवं गरीबों के लिए किए जा रहे कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूकता का कार्य किया जाएगा।

यह जानकारी लखनऊ महानगर के भाजपा अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने दी। वह शुक्रवार को कैसरबाग स्थित पार्टी कार्यालय पर प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। आनंद द्विवेदी ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा मुजफ्फरनगर से 12 फरवरी 2024 को ग्राम परिक्रमा यात्रा का शुभारम्भ करेंगे। यह अभियान 05 मार्च 2024 तक चलाया जाएगा।

महानगर अध्यक्ष ने बताया कि भाजपा किसान मोर्चा लखनऊ महानगर ने प्रत्येक मण्डल के लिए प्रवासी नियुक्त किए हैं जोकि मण्डल के प्रत्येक मोहल्लों में प्रवासी एवम् मण्डल के पदाधिकारियों द्वारा मोदी के 10 वर्षो के कार्यकाल में चलाई जा रही विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का जनजागरूकता अभियान चलाएंगे।

किसान मोर्चा अध्यक्ष प्रमोद सिंह ने कहा कि मोदी सरकार की 10 वर्षों में केंद्र सरकार की बड़ी उपलब्धियां है जिनका लाभ किसान भाइयों को मिला है जिसमें किसान सम्मन निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना जैसी विभिन्न योजनाएं हैं जिनसे ग्रामीण और किसानों के जीवन को सुलभ बनाया है और आर्थिक रूप से समृद्ध और समर्थ बनाया है।

अभियान के अंतर्गत किसान मोर्चा कार्यकर्ता बूथ स्तर तक जाएंगे और सरकार द्वारा चलाई जा रही किसान हितैषी एवं जन कल्याणकारी योजनाओं से सभी को अवगत कराएंगे।

प्रेस वार्ता में भाजपा महानगर मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग, किसान मोर्चा महामंत्री ज्ञान द्विवेदी, विवेक सिंह , महानगर उपाध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल, अभिषेक खरे, अनुराग साहू उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/पदुम नारायण

   

सम्बंधित खबर