एसकेएमयू के लोकपाल नियुक्त किए गए पूर्व कुलपति मनोरंजन सिन्हा

दुमका, 11 फरवरी (हि.स.)। सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो मनोरंजन प्रसाद सिन्हा को विश्वविद्यालय का लोकपाल नियुक्त किया गया है। इस संबंध में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ बिमल प्रसाद सिंह के निर्देशानुसार कुलसचिव ने शनिवार को एक अधिसूचना जारी किया है। जारी अधिसूचना के अनुसार प्रो. सिन्हा अधिकतम तीन वर्ष या 70 वर्ष का आयु पूरा करने तक विश्वविद्यालय का लोकपाल बने रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि डॉ मनोरंजन प्रसाद सिन्हा की नियुक्ति विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ बिमल प्रसाद सिंह द्वारा यूजीसी और राजभवन से प्राप्त एक चिट्ठी के आलोक में विज्ञापन जारी कर किया गया है। सिन्हा रांची विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर जंतु विभाग के प्रोफेसर पद से सेवानिवृत्त हुए हैं और वर्ष 2017 से 2020 तक एसकेएमयू के कुलपति रह चुके हैं। इसके पूर्व वे बिनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग में प्रतिकुलपति का पद संभाल चुके है। एसकेएमयू के कुलपति रहते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण कार्य किए थे।

हिन्दुस्थान समाचार/ नीरज

/चंद्र प्रकाश

   

सम्बंधित खबर